अब “एमपी के हर बूथ के मन में मोदी” की तैयारी…

झूठ बोले कौआ काटे! जातिगत जनगणना का सवाल, मोदी का भौकाल

अब “एमपी के हर बूथ के मन में मोदी” की तैयारी…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

संगठन के मामले में समृद्ध मध्यप्रदेश भाजपा अब कदम दर कदम आगे बढ़ती जा रही है। इस विधानसभा चुनाव में मोदी का चेहरा सामने रखा गया तो कार्यकर्ताओं के भरोसे और गरीब कल्याण की केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं को जीत का आधार माना जा रहा है। उत्तर भारत के तीन राज्यों में भाजपा सरकार बनने के बाद अब यह नरेटिव सेट हो रहा है कि लाड़ली बहना जैसी योजना गरीब कल्याण योजनाओं का एक हिस्सा है। मध्यप्रदेश में भाजपा की इतनी बड़ी उपलब्धि सिर्फ लाड़ली बहना योजना की देन नहीं है। बल्कि कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और भरोसे के साथ केंद्र-राज्य सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं के बल पर ही भाजपा तीन राज्यों में सरकार बनाने में सफल हुई है। खैर यह चर्चा तो लंबी है, लेकिन विधानसभा चुनाव में “एमपी के मन में मोदी” और “मोदी के मन में मध्यप्रदेश” जैसे नारे पूरी शिद्दत से गूंजते रहे। और शाह का हर बूथ पर 51 फीसदी मत का लक्ष्य तो प्रदेश भाजपा संगठन का मूल मंत्र बन गया था। और मध्यप्रदेश ने साबित कर दिखाया है कि यह संगठन की ताकत ही है मध्यप्रदेश को हर बूथ पर 51 फीसदी से बस 2.45 प्रतिशत कम वोट ही मिले हैं। भाजपा ने 48.55 फीसदी वोट हासिल कर कीर्तिमान रच दिया है। और अब प्रदेश भाजपा ने तय किया है कि लोकसभा चुनाव में इस मार्जिन को पाटते हुए हर बूथ पर 51 फीसदी से ज्यादा मत पाने का रिकॉर्ड बनाकर रहेंगे। और इसके लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने ऐलान कर दिया है कि अब “एमपी में हर बूथ के मन में मोदी” मिशन चलाकर उपलब्धियों के नए आकाश को छूकर रहेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा‌ ने ट्वीट कर कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा मध्यप्रदेश भाजपा को दिया गया 51% से ज्यादा वोटशेयर का लक्ष्य मध्य प्रदेश के परिवारजनों के आशीर्वाद एवं कार्यकर्ताओं के प्रयासों से हो रहा है सिद्ध। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 101 विधानसभाओं में 50% से ज्यादा, 32 विधानसभाओं में 45 % से 50 % के बीच और 18 विधानसभाओं में 40% से 45% के बीच रहा है। “कार्यकर्ताओं का वंदन-जनता का अभिनंदन”। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए “हर बूथ पर मोदी अभियान” चलाने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। अब हमारा संकल्प है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता ने प्रचंड बहुमत से आशीर्वाद दिया है। अमित शाह जी ने हमें 51 प्रतिशत वोट शेयर का टास्क दिया था। हम 49 प्रतिशत वोट हासिल करने में कामयाब रहे हैं। अब लोकसभा चुनावों में टास्क को पूरा करने के लिए काम किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में हम सब मेहनत परिश्रम से सभी बूथों को जीतेंगे। प्रदेश के 64 हजार 523 बूथ पर मोदी अभियान चलेगा और इसकी शुरुआत कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाएं चलाई गईं जिन्होंने हर गरीब का जीवन बदल दिया। डबल इंजन की सरकार ने जो विकास और गरीब कल्याण का काम किया, उस विकास और गरीब कल्याण की गति को सुचारू बनाए रखने और विकसित मध्य प्रदेश को स्वर्णिम मध्य प्रदेश बनाने के हमारे संकल्प को पूरा करने के लिए जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास और गरीब कल्याण का काम करती आई है और आगे भी करती रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमित शाह की कुशल रणनीति का आशीर्वाद के साथ संपूर्ण भारतीय जनता पार्टी का मध्य प्रदेश का हमारा नेतृत्व हम सब मिलकर के टीम भावना के साथ 29 की 29 लोकसभा सीटें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में डालने का प्रयास करेंगे।

देखा जाए तो विष्णु दत्त शर्मा 2020 में फरवरी माह में प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा के लिए शुभंकर साबित हुए हैं। खुद शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें ‘शुभंकर’ माना था, जब एक माह बाद ही मार्च में कांग्रेस की सरकार गिरी थी और शिवराज चौथी बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। और 2023 में विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में ही भाजपा ने कार्यकर्ताओं के दम पर सर्वाधिक 48.55 फीसदी मत हासिल किए हैं। हालांकि इसमें अमित शाह का नेतृत्व महत्वपूर्ण है। तो शुभंकर की यात्रा सतत जारी है और कहा जाए तो हर बूथ पर 51 फीसदी से ज्यादा मत हासिल करने की बारी है। अभी एमपी के मन में मोदी था, अब सूक्ष्म स्तर पर जाकर एमपी के हर बूथ के मन में मोदी को बसाने की तैयारी है…

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।