4 दशक में चुनाव मैदान में उतरने वाली महिलाओं की संख्या 3 गुना बढ़ी

इस बार थर्ड जेंडर के एकमात्र उम्मीदवार है चुनाव मैदान में, पिछली बार 5 थे

450

4 दशक में चुनाव मैदान में उतरने वाली महिलाओं की संख्या 3 गुना बढ़ी

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने में महिलाओं की रुचि बढ़ी है। पिछले चार दशक में विधानसभा चुनाव लड़ने वाली महिला उम्मीदवारों की संख्या तीन गुना हो गई है।

पिछले 38 सालों में प्रदेश में आठ विधानसभा आम चुनाव हो चुके हैं और यह नौवा आम विधानसभा चुनाव हो रहा है।

1985 से लेकर 1998 तक मध्य प्रदेश में 320 विधानसभा सीटें थी और मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ साथ हुआ करते थे। इस दौरान चार बार विधानसभा चुनाव हुए। वर्ष 1985 में हुए विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरने वाली महिला उम्मीदवारों की संख्या मात्र 76 थी। 1990 में यह संख्या बढ़कर 150 और 1993 में 164 तथा 1998 में बढ़कर 181 हो गई।

इसके बाद मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्यों का विभाजन होने के बाद वर्ष 2003 से मध्य प्रदेश में लगातार 230 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होता रहा है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभाजन के बाद अब तक प्रदेश में चार आम विधानसभा चुनाव हो चुके हैं । यह पांचवा आम चुनाव होने जा रहा है। विभाजन के बाद हुए पहले आम चुनाव में वर्ष 2003 में कुल 199 महिलाए चुनाव मैदान में उतरी थी। इसके बाद 2008 में इनकी संख्या बढ़कर 221 हो गई। 2013 के विधानसभा चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या 200 थी तो वर्ष 2018 में हुए आम चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 250 हो गई। 2018 में थर्ड जेंडर के पांच उम्मीदवार भी मैदान में उतरे थे। अब वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं तो इस बार प्रदेश में कुल 252 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में है, थर्ड जेंडर के एकमात्र उम्मीदवार इस बार चुनाव मैदान में है।

2003 से चुनाव लड़ने वालों की संख्या हर चुनाव में बढ़ती और घटती रही

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य के विभाजन के बाद वर्ष 2003 से प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले कुल उम्मीदवारों की संख्या हर चुनाव में बढ़ती और घटती रही। 2003 में जहां कुल उम्मीदवारों की संख्या 2171 थी 2008 के चुनाव में मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 3179 हो गई। लेकिन उसके अगले ही बार वर्ष 2013 में जब विधानसभा आम चुनाव हुए तो उम्मीदवारों की संख्या घटकर 2583 रह गई। पिछली बार वर्ष 2018 में जब आम चुनाव हुए तब कुल उम्मीदवारों की संख्या फिर बढ़ी और 2899 उम्मीदवार मैदान में उतरे। और अब वर्ष 2023 में जब विधानसभा आम चुनाव के लिए नामांकन जमा करने और नाम वापसी की तारीखे समाप्त हो चुकी हैं तो कुल 2533 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। पिछले आम चुनाव से इस बार 366 उम्मीदवार चुनाव मैदान में कम है।