
Objection to property tax valuation : संपत्ति कर के नए निर्धारण के विरोध में श्रमजीवी पत्रकार संघ ने निंदा प्रस्ताव किया पारित!
Ratlam : मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला बैठक में नगर निगम द्वारा सर्वे के आधार पर पिछले पांच वर्षों का संपत्ति कर वसूल करने का विरोध करते हुए निगम के इस फैसले के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए निर्णय लिया कि इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसे वापस लेने की मांग की जाएगी।
स्थानीय महू रोड स्थित होटल गोल्डन टावर के सभागृह में संघ के पूर्व प्रदेश मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष शरद जोशी की विशेष उपस्थिति में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश जैन द्वारा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए शरद जोशी ने कहा कि अब समय आ गया है कि जनहितैषी मुद्दों को लेकर पत्रकारों एवं पत्रकार संगठनों को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। रतलाम नगर निगम द्वारा हाल ही में सर्वे के आधार पर पिछले पांच वर्षों का सम्पत्ति कर वसूलने के निर्णय को जन-विरोधी निर्णय बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की हैं और कहा हैं कि इस प्रकार की जनसमस्याओं को लेकर जन-जागृति अभियान चलाया जाकर उसे जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिस परिषद का कार्यकाल एक वर्ष पूर्व प्रारंभ हुआ है वह पिछले पांच वर्षों का सम्पत्ति कर वसूलने का निर्णय कैसे ले सकती है जबकि आम जनता पूर्व परिषदों द्वारा निर्धारित टैक्स जमा करती आ रही है। जोशी ने अपने संबोधन में फर्जी पत्रकारों के खिलाफ अभियान चलाने तथा पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष राजेश जैन ने नगर निगम के संपत्ति निर्धारण के निर्णय पर निंदा प्रस्ताव रखा जिसे सर्वानुमति एवं ध्वनि मत से पारित किया गया। श्रीजैन ने संघ की भावी गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ पत्रकारों की समस्याओं के साथ साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों की वर्षों से लंबित जनसमस्याओं पर भी फोकस करते हुए शासन और प्रशासन का ध्यान लगातार आकर्षित करता रहेगा। इस अवसर पर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा ने भी पत्रकारों को मार्गदर्शन दिया। बैठक में जिलेभर से आए संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद थे!

*सदस्यों को किए कार्ड वितरित!*
श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला कार्यसमिति की प्रथम बैठक के पश्चात जिलेभर से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों को श्रमजीवी पत्रकार संघ के मुख्यालय से आए कार्ड सदस्यों में वितरित किए गए। पूर्व मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष शरद जोशी ने समारोह में उपस्थित 70 से अधिक सदस्यों को संघ के पहचान पत्र पहनाकर स्वागत किया! इस अवसर पर संघ के सदस्यों ने पूर्व मुख्य प्रदेश मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष शरद जोशी एवं नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजेश जैन, जिला उपाध्यक्ष आरिफ कुरैशी, विजय मीणा, मनोज भंडारी सैलाना, पारस छाजेड जावरा, महासचिव दिनेश दवे, कोषाध्यक्ष किशोर जोशी, सचिव संजय शर्मा, निलेश बाफना, सह-सचिव प्रियेश कोठारी, श्रीनाथ योगी एवं मुबारिक शेरानी का पुष्पमालाओं से स्वागत किया! पूर्व अध्यक्ष भेरूलाल टाक, विमल मांडोत, जावरा ब्लॉक अध्यक्ष अशोक चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित थे, अंत में आभार महा-सचिव दिनेश दवे ने माना।





