

बुद्ध पूर्णिमा पर एक साथ एक समय में 25 लाख घरों में होगा गायत्री यज्ञ
राजेश जयंत की खास रिपोर्ट
भारत-पाकिस्तान के मध्य बढे हुए तनाव, ऑपरेशन सिंदूर और युद्ध जैसे माहौल के बीच अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार विश्व के अनेक देशों के 25 लाख घरों में एक साथ, एक समय पर घर-घर में गायत्री यज्ञ का आयोजन कर रहा है। भारतवर्ष के 24 लाख घरों में जबकि अन्य देशों में बसे हुए प्रवासी सनातनी भारतीयों के एक लाख घरों में सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के दिन यह अनुष्ठान होगा। धार्मिक क्रियाकलाप के साथ ही इस दिन रक्तदान, नेत्रदान व अंगदान का संकल्प लेने के लिए भी प्रेरित किया गया है।
*सामूहिक अनुष्ठान से शुद्ध सकारात्मक वातावरण का निर्माण*
गायत्री शक्तिपीठ जोबट के प्रमुख डॉ शिव नारायण सक्सेना ने बताया कि प्राचीन काल में देश व राज्य पर जब भी कोई संकट आता था तो आश्रमों में ऋषि-मुनि संकट के निवारण के लिए विशेष अनुष्ठान करते थे। सामूहिक रूप से किए गए अनुष्ठान से शुद्ध, सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है, जो नागरिकों के आत्म विश्वास और सैनिकों के शौर्य में वृद्धि करता है। वैश्विक सुख-शांति और प्रगति, विश्व में एकता, समता, ममता का वातावरण निर्मित करने के लिए विराट वैश्विक यज्ञीय प्रयोग बीते कई वर्षों से गायत्री परिवार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस वर्ष गायत्री परिवार बुद्ध पूर्णिमा को यज्ञ दिवस के रूप में मना रहा है।
*घर-घर संपर्क*
घर-घर गायत्री यज्ञ अभियान को लेकर झाबुआ- अलीराजपुर जिले के समस्त गायत्री शक्तिपीठों पर शक्तिपीठ, चेतना केंद्र, प्रज्ञा मंडल, युवा मंडल, महिला मंडल, नव चेतना विस्तार केंद्र व गायत्री प्रज्ञा पीठों से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठकें लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर यज्ञ साहित्य व सामग्री वितरित करने के साथ ही लोगों को रक्तदान, नेत्रदान व अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
जोबट शक्तिपीठ से जुड़े गायत्री परिजनो ने जोबट, चंद्रशेखर आजाद नगर, कट्ठीवाड़ा, उदयगढ़, बोरी, आंबुआ आदि ग्राम नगर क्षेत्र में लोगों से संपर्क किया। वरिष्ठ कार्यकर्ता सरोज टवली, कल्पना डावर, केसर राठौड़, सुकमा बघेल, शिवराम वर्मा, मांगीलाल डावर, मुकामसिंह बघेल, हरीश अगाल आदि कार्यकर्ता यहां घर-घर पहुंचे। यज्ञ का प्रशिक्षण दिया। पेम्प्लेट, यज्ञ सामग्री, साहित्य वितरित किया। यज्ञ से ऑनलाइन जुड़ने के लिए यू-ट्यूब, इंटरनेट लिंक साझा की।