Online Monetering: कौन, कहां गया,क्या किया,पदाधिकारियों के दौरों की आॅनलाइन मानीटरिंग करेगी BJP

409

भोपाल: बीजेपी अब संगठन में मंडल से लेकर प्रदेश तक पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले कार्यकर्ताओं के कामकाज की Online Monetering करेगी। इसके लिए पार्टी द्वारा तैयार किए गए संगठन एप में अब एक नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। इस एप में पदाधिकारियों की पूरी डिटेल अपडेट कर दी गई है और अब क्षेत्र में या संगठन के काम से जाने वाले पदाधिकारियों को इस एप में जानकारी अपलोड करनी होगी।

प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री समेत दीनदयाल परिसर के जिम्मेदार पदाधिकारी यह देख सकेंगे कि किस जिले का जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला प्रभारी, मंडल पदाधिकारी कब कहां संगठनात्मक दौरे पर रहा। संगठन का मानना है कि मानीटरिंग के जरिये मिलने वाले फीडबैक के आधार पर प्रदेश संगठन कमजोर क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए त्वरित एक्शन भी ले सकेगा। सूत्रों का कहना है कि इसका यह असर होगा कि पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों के समय पर पूरे होने की व्यवस्था बनेगी और जिला व मंडल स्तर के पदाधिकारियों का बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और जनता के साथ होने वाला संवाद भी संगठन की जानकारी में रहेगा। यह एप संगठन एप 2.0 के नाम से मांडू के प्रशिक्षण वर्ग में लांच किया गया है।