पचमढ़ी कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर: संगठन निर्माण, धर्मनिरपेक्षता, सरकार की विफलताओं पर केंद्रित रहा शिविर का दूसरा दिन

1149

पचमढ़ी कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर: संगठन निर्माण, धर्मनिरपेक्षता, सरकार की विफलताओं पर केंद्रित रहा शिविर का दूसरा दिन

चंद्रकांत अग्रवाल की रिपोर्ट

पचमढ़ी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश के अपने सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर का दूसरा दिन विचार मंथन, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों से पूर्ण हुआ।

दिन का आगाज़ झंडा वंदन के साथ हुआ, फिर प्रशिक्षक अरुण शर्मा के निर्देशन में प्रतिभागियों ने सामूहिक योग और शारीरिक व्यायाम सत्र में भाग लिया। वैचारिक रूप से दूसरा दिन प्रमुख रूप से तीन महत्वपूर्ण सत्रों में हुए गहन मंथन वाला रहा। जिसके अंतर्गत पहले सत्र में धर्मनिरपेक्षता और सद्भाव विषय पर विधायक एवं एआईसीसी सचिव काजी निजामुद्दीन ने कहा कि कांग्रेस की आत्मा देश की एकता, सद्भाव और विविधता में विश्वास से जुड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि संगठन के हर स्तर पर इन मूल्यों को जीवंत रखें।

IMG 20251104 WA0008

दूसरे सत्र में संगठन निर्माण की प्रक्रिया पर सांसद शशिकांत सेंथिल ने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त करने और जनता के मुद्दों से सीधे जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने संगठनात्मक ढांचे को और गतिशील बनाने के सुझाव दिए। वहीं तीसरे सत्र में मध्यप्रदेश सरकार की विफलताएं, जनहित के मुद्दे और कांग्रेस की आंदोलनात्मक रणनीति विषय पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना की और इन मुद्दों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

वहीं शाम को आयोजित संवाद सत्र में जिला अध्यक्षों ने अपने क्षेत्रों के संगठनात्मक अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों ने शिविर को कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, एकता और दिशा देने वाला बताया। यह प्रशिक्षण शिविर मध्यप्रदेश में लगातार चुनावी विफलताओं का दंश झेल रहे कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और भविष्य की रणनीति तय करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।