साहित्य सेवा के लिए पद्मश्री डॉ चन्द्र प्रकाश देवल,भाषा पुस्तक के लिए डॉ कीर्ति शर्मा और लोकगीत के लिए शंकर सिंह राजपुरोहित को मिला राजस्थान रत्नाकर पुरस्कार

भारतीय संस्कृति दुनिया में सबसे श्रेष्ठ संस्कृति- गजेन्द्र सिंह शेखावत, प्रवासी राजस्थानी जहां कहीं भी रहते हैं वहाँ वे राजस्थानी और भारतीय संस्कृति का पर्याय -अर्जुन राम मेघवाल

32

साहित्य सेवा के लिए पद्मश्री डॉ चन्द्र प्रकाश देवल,भाषा पुस्तक के लिए डॉ कीर्ति शर्मा और लोकगीत के लिए शंकर सिंह राजपुरोहित को मिला राजस्थान रत्नाकर पुरस्कार

गोपेन्द्र नाथ भट्ट की रिपोर्ट 

नई दिल्ली:केन्द्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति दुनिया में सबसे श्रेष्ठ संस्कृति हैं। इसमें भी राजस्थान की संस्कृति सबसे बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी भारत के सांस्कृतिक दूत बन पूरी दुनिया में भारत को गौरवान्वित कर रहे हैं।

शेखावत दिल्ली की प्रमुख समाज सेवी संस्था राजस्थान रत्नाकर के स्वर्ण जयंती वर्ष में रविवार को नई दिल्ली के इण्डिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित वार्षिक समारोह में बोल रहें थे।

शेखावत ने कहा कि राजस्थान रत्नाकर जैसी संस्थाएँ पिछलें 50 वर्षों से इस संस्कृति को संजोये हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे महानगर में अपने प्रदेश की संस्कृति को जिन्दा रख राजस्थान रत्नाकर प्रेरणास्पद और अनुकरणीय कार्य कर रही हैं।

समारोह में केन्द्रीय विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी जहां कहीं भी रहते हैं वहाँ वे राजस्थानी और भारतीय संस्कृति का पर्याय बन कर सभी के साथ रच बच जाते हैं। उन्होंने राजस्थान रत्नाकर की समाज सेवी कार्यों की सराहना की और राजस्थान के साहित्यकारों का सम्मान करने के लिए संस्था का आभार जताया।उन्होंने ठेठ राजस्थानी में संवाद करते हुए एक गीत भी सुनाया तथा कहा कि राजस्थान संस्कृति में शुद्धता है और यहाँ के गीतों में कोई अश्लीलता नहीं हैं।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री और पाली के सांसद पी पी चौधरी ने राजस्थान रत्नाकर के सामाजिक सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यों और रत्नाकर चेयरमेन राजेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व को सराहा। समारोह में चांदनी चौक दिल्ली के सांसद प्रवीण खंडेलवाल तथा स्वागताध्यक्ष राजेश बंसल (बीपीएल ) और अशोक गुप्ता (सकरनी) ने भी अपने विचार रखें।

 समारोह में राजस्थानी साहित्य की सर्वश्रेष्ठ सेवा के लिए जाने माने साहित्यकार पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित, उदयपुर के डॉ. चन्द्र प्रकाश देवल को ‘दीपचन्द जैन साहित्य पुरस्कार’ श्रेष्ठ राजस्थानी पुस्तक के लिए नोहर ( हनुमानगढ़) की डॉ.कीर्ति शर्मा को उनकी पुस्तक ‘बात एक रात री’ के लिये श्री बागला साहित्य पुरस्कार’ और राजस्थानी लोकगायन के लिए बीकानेर के शंकर सिंह राजपुरोहित को ‘रूपरामका लोकगीत पुरस्कार’ प्रदान किया गया।

समारोह में राजस्थानी साहित्यकारों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाएँ देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।जिसमें व्यापार एवं उधोग के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए प्रयाग ग्रुप के सीईओ नितिन अग्रवाल को, ‘श्रीनरसिंह दास गुप्ता स्मृति पुरस्कार’, चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए एम्स दिल्ली के डॉ.राज कँवर यादव को ‘श्रीलोकनाथ सराफ स्मृति पुरस्कार’, सामाजिक कार्यो में विशेष योगदान के लिए रोटरी क्लब के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सीए अशोक कंतूर को ‘अभिप्रा समाज सेवा पुरस्कार’ तथा प्रशासनिक क्षेत्र में एनएसजी के आईजी दीपक केडिया को ‘श्री वासुदेव डालमिया स्मृति पुरस्कार’, शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए श्री राम कॉलेज आफ कॉमर्स की प्राचार्य प्रो. सिमरत कौर को ‘भगवान दास मोरीज़ावाला स्मृति पुरस्कार’ प्रदान किए गये ।महिला शक्ति के क्षेत्र में ईताश संस्था की अध्यक्ष डॉ मीनाक्षी नायर को ‘श्रीमती नारायणी देवी महावीर प्रसाद भगनका स्मृति पुरस्कार’ और पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए साधना टी.वी. के चेयरमैन डॉ राकेश गुप्ता को ‘श्रीगौरीशंकर तुलसियान स्मृति पुरस्कार’ तथा प्रशासनिक क्षेत्र के माध्यम से समाज सेवा का कार्य करने के लिए दिल्ली सरकार के लैंड एण्ड बिल्डिंग विभाग के प्रिंसिपल सेकेट्री निखिल कुमार को ‘श्रीरामकरण गुप्ता स्मृति पुरस्कार’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।

IMG 20240910 WA0058

समारोह में संस्था की गतिविधियों में विशेष योगदान के लिए ‘रत्नाकर शक्ति’ पुरस्कार सुमित्रा गुप्ता को दिया गया। पूर्व प्रधान रमेश कानोड़िया को रत्नाकर-रत्न का अवार्ड प्रदान किया।’रतन साबू संजय गुप्ता और राकेश मोहन अग्रवाल को ‘रत्नाकर श्री’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा गोपेन्द्र नाथ भट्ट और संस्था के अन्य सदस्यों को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

*निर्धन छात्रोंको विशेष छात्रवृतियाँ*

समारोह में संस्था द्वारा 1000 निर्धन एवं कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को 2000 प्रति छात्र विशेष छात्रवृतियाँ वितरित की गई ।साथ ही जरूरतमंद छात्रों के लिए 2,20,000 स्कूल नोट बुक्स , स्कूल बैग्स, ज्योमेट्री बॉक्स,पेन एवं अन्य वस्तुयें भी प्रदान की गई ।

IMG 20240910 WA0057

प्रारंभ में संस्था के चेयरमेन राजेन्द्र गुप्ता ने अपने स्वागत भाषण में अतिथियों का स्वागत किया।प्रधान शंकर जयपुरिया ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। अन्त में संस्था के महामंत्री सुमित गुप्ता ने सभी का आभार जताया।

इस अवसर पर संस्था के सौजन्य से एएलटीजी ग्रुप द्वारा ‘पापा मैन’ हास्य नाट्य प्रस्तुति का आयोजन भी किया गया ।