Parambir Fled to Belgium : पांच मामलों में वांटेड, मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर लापता

संजय निरुपम का दावा, पूछा कि किसने भागने में की मदद

937
Parambir Fled to Belgium

Mumbai : कांग्रेस के नेता संजय निरुपम ने एक ट्वीट किया कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह (Former Police Commissioner Parambir Singh) बेल्जियम (Belgium) भाग गए हैं। निरुपम ने सवाल किया कि परमबीर सिंह को देश से बाहर भगाने में किसने मदद की।

संजय निरूपम (Sanjay Nirupam) ने बिल्डरों से वसूली (Recovery) के आरोप में फंसे परमबीर सिंह (Parambir Singh) को लेकर बड़ा दावा किया। इससे पहले पूर्व पुलिस कमिश्नर के लापता होने पर मुंबई की एक कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट (Non Bailable Warrant) जारी किया है। इसके बाद कांग्रेस नेता यह आरोप लगाया।
परमबीर पिछले कई महीनों से लापता हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसियां (NIA) पूछताछ के लिए परमबीर सिंह को कई बार बुला चुकी है। लेकिन, वे अभी तक पेश नहीं हुए। संजय निरुपम ने ट्वीट में लिखा कि ये हैं मुंबई के पुलिस कमिश्नर। खुद पांच मामलों में वांटेड हैं और मंत्री पर धन वसूली का आरोप लगाया है। पुलिस ने कहा है कि ये फरार हैं। पता चला है, ये बेल्जियम में है। बेल्जियम गया कैसे? इसे किसने सेफ पैसेज दिया? क्या हम अंडरकवर भेजकर इसे ला नहीं सकते?

जबरन वसूली
परमबीर के खिलाफ इसी सप्ताह कोर्ट का यह दूसरा आदेश है। मंगलवार को ठाणे जिले की कोर्ट ने भी उनके खिलाफ दर्ज जबरन वसूली के एक और मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया था। बिल्डर बिमल अग्रवाल (Bimal agarwal) ने आरोप लगाया था कि परमबीर सिंह और दूसरे लोगों ने उनसे जबरन वसूली की कोशिश की। परमबीर सिंह मई महीने से स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए छुट्टी पर हैं। परमबीर सिंह को उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर कई पत्र भेजे गए और उनके ठिकाने के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

एंटीलिया मामले के बाद से गायब
जब परमबीर सिंह मुंबई पुलिस कमिश्नर थे, तो उसी समय एंटीलिया विस्फोटक मामला (Antilia Explosive Case) सामने आया। इसके चलते सचिन वझे की गिरफ्तारी के बाद परमबीर सिंह को भी मुंबई पुलिस कमिश्नर के पद से हटा दिया गया था। परमबीर सिंह इसके बाद छुट्टी पर चले गए थे और तभी से फरार हैं। महाराष्ट्र सरकार तभी से परमबीर सिंह की तलाश कर रही है। परमबीर सिंह को कई बार कोर्ट के सामने पेश होने के लिए समन भेजे जा चुके हैं। लेकिन उनका अभी तक कोई पता नहीं है। संजय निरुपम के आरोप ने इस मामले को नई हवा दी है।