Pathan’s Storm : 8वें दिन भी ‘पठान’ के कलेक्शन ने रचा इतिहास!

फिल्म अभी भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए!

602

Pathan’s Storm : 8वें दिन भी ‘पठान’ के कलेक्शन ने रचा इतिहास!

Mumbai : दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर ‘पठान’ की कमाई के रिकॉर्ड बनना जारी है। ‘पठान’ ने 7 दिन में दुनियाभर में 634 करोड़ रुपए की कमाई करके रिकॉर्ड कायम कर दिया। फिल्म ने रिलीज के सातवें दिन भारत में नेट 23 करोड़ (हिंदी में 22 करोड़ और सभी डब संस्करण 1 करोड़ रुपए) कमाए, जिससे भारत की ग्रॉस कमाई 28 करोड़ हो गई। सातवें दिन ओवरसीज ग्रॉस आंकड़ा 15 करोड़ रुपए है।

सात दिन में ‘पठान’ ने अकेले ओवरसीज क्षेत्रों में ही 29.27 मिलियन डॉलर (238.5 करोड़ रुपए) की कमाई की। जबकि, भारत में इसका नेट कलेक्शन 330.50 (हिंदी वर्जन 318.50 करोड़ रुपये और डब संस्करण 11.75 करोड़ रुपए) है।

सिद्धार्थ आनंद की फिल्म ने आठवें दिन भी धमाकेदार कमाई की। एक रिपोर्ट के मुताबिक ‘पठान’ ने सभी भाषाओं में 8वें दिन 18-19 करोड़ का कलेक्शन किया। इसी के साथ फिल्म रिलीज के आठवें दिन भारत में इसका नेट कलेक्शन 349.75 करोड़ रुपए के आसपास हो गया। पठान की रिलीज को आठ दिन हो गए। फिल्म अभी भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। आने वाले दिनों में भी कमाई का ग्राफ ऊपर जाता ही नजर आ रहा है। हालांकि ये अभी अर्ली ट्रेंड है, वास्तविक आंकड़ा बाद में साफ होगा।

‘पठान’ से पहले शाहरुख खान को 4 साल पहले जीरो में देखा गया था। इस फिल्म में शाहरुख के साथ कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी थी। ऐसे में शाहरुख के धमाकेदार कमबैक से सभी खुश हैं। आने वाले समय में किंग खान राज कुमार हिरानी की डंकी में दिखाई देंगे।