Pay Compensation : कांग्रेस MLA की मांग ‘लोगों के घर तोड़ने से पहले मुआवजा दें!’

नोटिस मिलने के बाद एक की अटैक से मौत, दो अस्पताल में

653

Pay Compensation : कांग्रेस MLA की मांग ‘लोगों के घर तोड़ने से पहले मुआवजा दें!’

इंदौर। कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने कहा कि भागीरथपुरा क्षेत्र के नागरिकों को उनके निर्माण तोड़ने के पहले नकद मुआवजा मिलना चाहिए। नगर निगम द्वारा तोड़फोड़ के नोटिस दिए जाने के कारण क्षेत्र के एक रहवासी की मौत हो गई! जबकि, 2 लोगों को अटैक आ गया। आवश्यकता इस बात की है कि नगर निगम शहर के नागरिकों के प्रति अपनी जवाबदेही को समझें।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि इंदौर के मास्टर प्लान में प्रावधान की गई MR-4 सड़क के निर्माण के लिए नगर निगम ने बड़ी संख्या में भागीरथपुरा के रहवासियों को नोटिस दिए हैं। इस नोटिस में नगर निगम ने सड़क के रास्ते में आ रहे घरों को तोड़ने की चेतावनी दी है। नगर निगम इन गरीबों के घर तोड़कर उन्हें बेघर और बेरोजगार करने की कोशिश में लगा है।

नागरिकों का कहना है कि यदि उनके निर्माण को तोड़ा जाता है, तो उन्हें नकद मुआवजा दिया जाए। साथ में रहने के लिए वैकल्पिक स्थान भी निशुल्क उपलब्ध कराया जाए। संजय शुक्ला ने कहा कि नागरिकों की यह मांग पूरी तरह से जायज है। नगर निगम और सरकार को इस मांग की पूर्ति के लिए कदम उठाना चाहिए। आवश्यकता इस बात की है कि नगर निगम जनता के प्रति अपनी जवाबदेही को समझें, शहर के विकास का आशय लोगों बेघर करना कतई नहीं होता।

संजय शुक्ला ने कहा कि नगर निगम ने जब से भागीरथपुरा क्षेत्र के नागरिकों को नोटिस बांटे हैं, तब से यहां के लोगों में डर और दहशत का माहौल है। इस नोटिस के सदमे से यहां के एक नागरिक ताराचंद पाल की मौत हो गई। इस घटना के बाद नागरिकों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम भी किया था। जबकि, दो लोगों को अटैक आ गया। कमल सोलंकी को शेल्बी हॉस्पिटल में और प्रेमलता शर्मा को तीन मंजिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। यह घटना अपने आप में बहुत गंभीर है। इस घटना को नगर निगम को भी गंभीरता के साथ लेना चाहिए। शहर के विकास के साथ नगर निगम और सरकार अपनी जिम्मेदारी भी समझे!