पेटलावद सिविल अस्पताल को मिली डायलिसिस मशीन, केबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की बड़ी उपलब्धि!

पेटलावद थांदला क्षेत्र के किडनी मरीजों को अब इंदौर-रतलाम की दौड़ से मिलेगी मुक्ति!

41

पेटलावद सिविल अस्पताल को मिली डायलिसिस मशीन, केबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की बड़ी उपलब्धि!

झाबुआ से राजेश सोनी की रिपोर्ट!

Jhabua : जिले के पेटलावद एवं थांदला विधानसभा क्षेत्र के किडनी रोगों से जूझ रहें मरीजों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही डायलिसिस की किल्लत अब खत्म होने वाली है। पेटलावद विधान सभा क्षेत्र की विधायक और प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के विशेष प्रयासों से पेटलावद सिविल अस्पताल को अत्याधुनिक हीमोडायलिसिस मशीन उपलब्ध करा दी गई है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की नींव पिछले दिनों तब रखी गई जब मंत्री निर्मला भूरिया ने भोपाल में उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात की थी। उन्होंने उप-मुख्यमंत्री को बताया कि पेटलावद, थांदला विधानसभा क्षेत्र के मरीजों को डायलिसिस के लिए रतलाम और इंदौर जैसे शहरों तक लंबा सफर तय करना पड़ता है, जो न केवल कष्टदायी हैं बल्कि आर्थिक रूप से भी भारी पड़ता है।

केबिनेट मंत्री के अनुरोध पर उप-मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल मशीन की मंजूरी दी, जिसके बाद 13 लाख 96 हजार 290 रुपए की लागत वाली मशीन अब सिविल अस्पताल पेटलावद पहुंच चुकी है।

WhatsApp Image 2026 02 14 at 11.27.44 PM

मरीजों का दर्द और सफर की मजबूरी!
वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, पेटलावद क्षेत्र के लगभग 36 , थांदला विधानसभा क्षेत्र से 15 मरीज ऐसे हैं जिन्हें सप्ताह में दो से तीन बार डायलिसिस के लिए इंदौर , दाहोद या रतलाम जाना पड़ता है। इन मरीजों के लिए यह सफर किसी सजा से कम नहीं था। खराब स्वास्थ्य के बीच घंटों का सफर तय करना, बस या निजी वाहनों का किराया और शहरों में रुकने का खर्च गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ रहा था। कई बार समय पर वाहन न मिलने या ट्रैफिक की वजह से डायलिसिस में देरी होने पर मरीजों की जान पर बन आती थी।

स्थानीय स्तर पर सुविधा से बदल जाएगी तस्वीर!
पेटलावद सिविल अस्पताल में डायलिसिस मशीन लगने से दोनों विधानसभा क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ा बदलाव आएगा। अब मरीजों को अपने ही नजदीकी शहर में इलाज मिलेगा, जिससे उनका यात्रा का समय और पैसा दोनों बचेगा। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, किडनी फेलियर की स्थिति में समय पर डायलिसिस होना अत्यंत आवश्यक है। पास सुविधा होने से मरीज नियमित रूप से उपचार ले सकेंगे, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा और संक्रमण का खतरा भी कम होगा।

शीघ्र सेवा शुरू करने के निर्देश!
केबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने मशीन उपलब्ध होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इसकी स्थापना और संचालन की प्रक्रिया युद्धस्तर पर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि संसाधन उपलब्ध होने के बाद अब मरीजों को एक दिन भी और इंतजार नहीं करना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग अब मशीन को इंस्टॉल करने और संबंधित तकनीकी स्टाफ की तैनाती में जुट गया हैं ताकि जल्द से जल्द पहली डायलिसिस प्रक्रिया अस्पताल में ही संपन्न हो सकें!