Plane Crash : ब्राजील में विमान हादसा, सभी 58 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स की मौत!

आसमान से गिरा प्लेन, रिहाइसी इलाके में हादसा होने से कई घरों को भी नुकसान!

240

Plane Crash : ब्राजील में विमान हादसा, सभी 58 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स की मौत!

Sao Paulo (Brazil) : यहां एक बड़ा विमान हादसा हुआ। विमान में क्रू मेंबर समेत सवार 62 लोगों की मौत हो गई। ब्राजील के साओ पाउलो शहर के बाहरी इलाके में प्लेन क्रैश हुआ है। ब्राजील के राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो शेयर कर लोगों को मृतकों के लिए एक मिनट का मौन रखने को कहा। राष्ट्रपति ने कहा कि सभी लोगों की संभवतः मौत हो गई है।

साओ पाउलो के बाहरी इलाके में यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबित ब्राजील की नागरिक सुरक्षा ने इसकी पुष्टि की। कहा जा रहा है कि विमान क्रैश होने के कारण कई घरों को नुकसान हुआ है। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने कहा कि ऐसा लगता है कि दुर्घटना में सभी यात्रियों की मौत हो गई है।

राष्ट्रपति ने अपनी पोस्ट में लिखा ‘मैं चाहूंगा कि हर कोई खड़ा हो ताकि हम एक मिनट का मौन रख सकें। क्योंकि, साउ पाउलो के विन्हेडो शहर में एक विमान क्रैश हो गया है। इस विमान में 58 यात्री और 4 चालक दल के सदस्य सवार थे और ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इनमें से सभी मारे गए।’ प्लेन हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। इसमें दिख रहा है कि प्लेन हवा में किसी कागज की तरह घूमते हुए गिर रहा है। जमीन पर इसके गिरने के बाद एक गाढ़ा काला धुआं आसमान में उठता हुआ दिखता है, जो दिखाता है कि हवाई जहाज के गिरते ही आग लग गई।

प्लेन रिहायशी इलाके में गिरा 

बताया गया कि जिस जगह प्लेन गिरा है वह एक रिहायशी इलाका लग रहा है। प्लेन एक पेड़ के करीब गिरा। प्लेन के गिरते ही वहां भी आग लग गई है। ‘द गार्जियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक यह एयरलाइन वोपास लिन्हास एरियास की ओर से संचालित किया जा रहा ATR-72 प्लेन था। यह विमान पराना राज्य के कास्कावेल से साओ पाउलो के गुआरुल्होस जा रहा था। साओ पाउलो फायर ब्रिगेड ने सोशल मीडिया पर विमान हादसे की पुष्टि की। साथ ही कहा कि उसने सात दल दुर्घटना वाली जगह पर भेजे हैं।