
PM Crop Insurance Scheme: छत्तीसगढ़ के किसानों के खाते में पहुंचेंगे पैसै,152 करोड़ रुपये की दावा राशि का होगा भुगतान
PM Fasal Bima Yojana: छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत की खबर आई है। भारत सरकार के कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत राज्य के 1,41,879 पात्र बीमित किसानों को कुल ₹152.84 करोड़ की दावा राशि का भुगतान किया जाएगा।यह राशि राष्ट्रव्यापी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) प्रणाली के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में जमा होगी।
इस भुगतान में खरीफ सीजन 2024 के 33,943 किसानों को ₹10.25 करोड़ और रबी सीजन 2024-25 के 1,07,936 किसानों को ₹142.58 करोड़ की राशि शामिल है। यह कदम प्राकृतिक आपदाओं और फसल हानि से प्रभावित किसानों के लिए एक बड़ा सहारा साबित होगा।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला और विकासखंड स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए उप संचालक कृषि कार्यालय और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान इसमें शामिल हो सकें।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा, “किसानों की आर्थिक सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसे कार्यक्रम किसानों को आपदा से उबरने में मदद करते हैं।
यह दावा भुगतान किसानों के विश्वास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगा।” उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं, आधुनिक तकनीक और फसल विविधीकरण के माध्यम से कृषि को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।





