त्योहारों में व्यस्त पुलिस: अप्रैल से राजधानी में फिर चलेगा जिला प्रशासन का बुलडोजर

76

त्योहारों में व्यस्त पुलिस: अप्रैल से राजधानी में फिर चलेगा जिला प्रशासन का बुलडोजर

 भोपाल। शहर में लगातार त्योहारों के कारण लॉ एंड आर्डर के चलते पुलिस व्यस्त है। ऐसे में जिला प्रशासन की कार्रवाई पर करीब एक सप्ताह का ब्रेक लगा हुआ है। इसके साथ ही, वित्तीय सत्र यानी मार्च एंड के कारण भी प्रशासन और पुलिस अमला अन्य कामों में लगा है। इन कारणों से नए वित्तीय सत्र यानी अप्रैल महीने में जिला प्रशासन का बुलडोजर चलने की बात कही जा रही है।

जिला प्रशासन के अफसरों का दावा है कि पुलिस बल मिलने के बाद शासकीय नियमों का उल्लंघन करने और अतिक्रमणकारियों के अतिक्रमण हटाए जाएंगे।

राजधानी में तीन कार्रवाईयां पर प्रशासन का अमला तेजी से काम कर रहा है। इसमें बड़े तालाब के फुल टैंक लेवल से 50 मीटर दायरे को नो कंस्ट्रक्शन जोन बनाने की कार्रवाई जारी है। प्रशासन की संयुक्त टीम ने तालाब किनारे हुए अतिक्रमणों को चिह्नित कर उन्हें हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, एनजीटी के निर्देश पर कलियासोत डैम के आसपास गंदगी फैलाने वाली अवैध डेयरियों को भी हटाया जाना है। इसके अलावा, तीन महीने से जिले में अवैध कॉलोनियों पर एक्शन को लेकर लगातार अतिक्रमण हटाने और अवैध कॉलोनियों के कर्ताधर्ताओं पर एफआईआर की जा रही है। ऐसे में तीनों मामलों में 10 दिन बाद एक्शन लेने की बात कही जा रही है।

बड़े तालाब में टीटी नगर वृत्त में मिले सैकड़ों कब्जे

इसी कड़ी में टीटी नगर क्षेत्र में भी सीमांकन का काम पूरा कर लिया गया है।

एसडीएम अर्चना शर्मा की टीम ने यहां 127 अतिक्रमण चिन्हित कर नोटिस जारी किए हैं। इनमें 59 निजी और 78 सरकारी शामिल हैं। परिवहन विभाग के पूर्व कांस्टेबल सौरभ शर्मा की सास का रॉ-हाउस भी अतिक्रमण की सूची में शामिल है। टीटी नगर तहसीलदार कुणाल राउत के मुताबिक, सभी अतिक्रमणकारियों और कब्जाधारियों को नोटिस दिए गए हैं। एक हफ्ते बाद पुलिस बल मिलने पर इन सब पर बुलडोजर चलाया जाएगा।

जिला प्रशासन की टीम ने सेवनिया गौंड, प्रेमपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी सीमांकन का काम पूरा कर लिया है। जांच के दौरान वन विहार के पास जॉक रेस्टोरेंट, लहर रेस्टोरेंट, विंड्स एंड वेब, होटल रंजीत लेकव्यू, फूड जोन की 26 दुकानें, गेम जोन, कचरा कैफे, सुलभ कॉम्प्लेक्स और लहर जिम सहित अन्य निर्माण सहित तालाब किनारे से 100 से अधिक झुग्गी भी हटेंगी।