
पुलिस स्मृति दिवस परेड 2025: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीरगति को प्राप्त पुलिस कर्मियों के परिजन से भेंट कर संवेदनाएं साझा की
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पुलिस स्मृति दिवस परेड 2025 के अवसर पर परेड द्वारा सलामी धुन के साथ सलामी शस्त्र प्रस्तुत किया गया। परेड का आयोजन लाल परेड ग्राउंड शहीद स्मारक प्रांगण में किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीरगति को प्राप्त पुलिस कर्मियों के परिजन से भेंट कर संवेदनाएं साझा कीं। उन्होंने परेड कमांडर गण व पाल बेयरर पार्टी से भेंट कर परिचय प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ यादव के सम्मुख पाल बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची का प्रस्तुतीकरण किया गया । पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा द्वारा प्रदेश के वीरगति को प्राप्त पुलिस कर्मियों के प्रति श्रद्धांजलि उद्बोधन किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पॉल बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची के स्मारक कोष में संस्थापन के बाद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किया ।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में भारत माता की जय के उदघोष के साथ सम्बोधन शुरू किया।
उन्होंने कहा कि कर्तव्य की बलिवेदी पर प्राणोत्सर्ग करने वाले शहीदों से हमें सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विगत वर्ष में पुलिस द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यो के लिए पुलिस विभाग को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस द्वारा सायबर अपराध को रोकने के लिए किए जा रहे कार्यो की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्धता पूर्वक कार्य कर रही है। पुलिस के प्रति मेरा प्रेम सदा रहता है। पुलिस के सभी रिक्त पदों की पूर्ति आगामी तीन वर्षों में की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस स्मृति दिवस पर सभी शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। बता दे कि 1 सितंबर 2024 से 31 अगस्त 2025 के मध्य प्रदेश के 11 अधिकारी कर्मचारी कर्तव्य पर शहीद हुए।





