Police Sub Inspector Recruitment: 3 साल में भर्ती होंगे 1500 पुलिस सब इंस्पेक्टर,अभी कार्यवाहक के बाद भी 7 फीसदी की कमी

455

Police Sub Inspector Recruitment: 3 साल में भर्ती होंगे 1500 पुलिस सब इंस्पेक्टर,अभी कार्यवाहक के बाद भी 7 फीसदी की कमी

भोपाल: Police Sub Inspector Recruitment: मध्य प्रदेश में अगले 3 साल में 1500 पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती होंगे। अभी प्रदेश के पुलिस अमले में कार्यवाहक सब इंस्पेक्टर के बाद भी 7 फीसदी की कमी है।

मध्य प्रदेश पुलिस में अगले तीन साल में डेढ़ हजार उप निरीक्षकों की भर्ती किए जाने की तैयारी चल रही है। इसमें हर साल 500 के लगभग उप निरीक्षकों की सीधी भर्ती होगी।

भर्ती की तैयारियों के बीच प्रदेश पुलिस में सात प्रतिशत के लगभग उप निरीक्षकों के पद खाली पड़े हुए हैं। यह स्थिति तब है जब डेढ़ हजार से ज्यादा कार्यवाहक उप निरीक्षक बनाए गए हैं। इनमें से भी अधिकांश रिटायर होने की कगार पर हैं।
प्रदेश सरकार ने तय किया है कि अगले तीन साल में वह 1500 उप निरीक्षकों की भर्ती करेगी। जिसमें जिला बल के अलावा एसएएफ, रेडियो, सायबर आदि संवर्ग में उप निरीक्षक भर्ती होंगे।

इधर प्रदेश में उपनिरीक्षकों की भारी कमी चल रही है। प्रदेश में चार हजार चार सौ 6 पद स्वीकृत हैं, लेकिन कार्यवाहक उप निरीक्षक बनाकर भी इन सभी पदों को पूरा नहीं भरा जा सका है। हालात यह है कि उप निरीक्षकों के कुल पदों में से 3737 पद ही भरे हुए हैं। यानि इस वक्त भी प्रदेश पुलिस में 669 पद खाली पड़े हुए हैं।

उप निरीक्षकों में से कार्यवाहक उप निरीक्षकों की संख्या को हटा दिया जाए तो 60 फीसदी पद खाली हैं। उप निरीक्षकों की संख्या अभी महज दो हजार 73 है। जबकि इन पदों को भरने के लिए कार्यवाहक उप निरीक्षक बनाए गए, लेकिन वे भी इतनी संख्या में नहीं बन सके कि उप निरीक्षकों के स्वीकृत पूरे पद भरे जा सकें। उप निरीक्षकों के पद भरने के लिए 1664 कार्यवाहक उप निरीक्षक इस वक्त बने हुए हैं।

खासबात यह है कि ये सभी आरक्षक से भर्ती होकर इस पद तक आएं हैं, ऐसे में अधिकांश रिटायरमेंट के करीब हैं। उनका रिटायरमेंट अगले दो से तीन साल के बीच हो जाएगा। ऐसे में भर्ती की प्रक्रिया और ट्रैनिंग तक यह संख्या और कम हो सकती है।