झाबुआ में राजनीतिक घमासान: कांग्रेस की “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली, भाजपा ने किया राहुल गांधी का पुतला दहन

516

झाबुआ में राजनीतिक घमासान: कांग्रेस की “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली, भाजपा ने किया राहुल गांधी का पुतला दहन

झाबुआ से कमलेश नाहर की खास रिपोर्ट

झाबुआ। शनिवार को झाबुआ मे राजनीतिक माहौल गर्म रहा। कांग्रेस-भाजपा ने अलग-अलग कार्यक्रम कर एक दुसरे को घेरा,जिला कांग्रेस कमेटी ने , “वोट चोर गद्दी छोड़” के तहत रैली निकाल कर ज्ञापन सौंपा,जब कांग्रेसी उक्त कार्यक्रम में व्यस्त थे तब ही भाजपा युवा मोर्चा ने आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया के निवास के बहार राहुल गांधी का‌ पुतला दहन किया।

झाबुआ जिले की राजनीति इन दिनों उफान पर है।कांग्रेस वोट चोरी का आरोप भाजपा पर लगाकर लगातार आक्रामक रुख अपना रही हैं ।प्रत्युत्तर में भाजपा ने भी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की महिलाओं पर की गई टिप्पणी को आधार बनाकर कांग्रेस पर हमले करना शुरू कर दिया है।

*कांग्रेस का वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान-* 

जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में स्थानीय पैलेस गार्डन में महासम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें हजारों की संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन के बाद कांग्रेसियों ने “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत रैली व धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की और मतदाता नामावली की अनियमितताओं को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एसडीएम भास्कर गाचले व तहसीलदार डावर को ज्ञापन सौंपा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया मौजूद रहे। विशेष अतिथि के रूप में विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, वीर सिंह भूरिया, जिलाध्यक्ष प्रकाश रांका, प्रदेश महासचिव निर्मल मेहता, जिला प्रभारी गिरीश जायसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित थे।

जिलाध्यक्ष प्रकाश रांका ने स्वागत भाषण में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रूपरेखा बताई। संजय दत्त ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग द्वारा की गई “वोट चोरी” लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि भाजपा केवल झूठे वादों से जनता को गुमराह कर रही है, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है और सरकार वोट चोरी कर सत्ता में काबिज है।

विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा कि भाजपा फर्जी मतदाता सूचियों के जरिए लोकतंत्र से खिलवाड़ कर रही है, लेकिन कांग्रेस इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में गांव-गांव जाकर भाजपा की करतूतें जनता के सामने लाई जाएंगी।

सम्मेलन को पूर्व विधायक जेवियर मेडा, वाल सिंह मेडा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्वेता मोहनिया, प्रदेश प्रवक्ता साबिर फिटवेल सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव निर्मल मेहता ने किया और आभार पूर्व जनपद अध्यक्ष शंकर सिंह भूरिया ने व्यक्त किया।

*भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने विक्रांत भुरिया के निवास के बाहर राहुल गांधी का पुतला दहन किया*

भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं ने झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया के निवास के बहार राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए। यह विरोध राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर कथित रूप से दिए गए आपत्तिजनक बयान के खिलाफ किया गया। भाजयुमो पदाधिकारियों ने राहुल गांधी की टिप्पणी की कड़ी भर्त्सना करते हुए उन पर कठोर कार्रवाई की मांग की।

दरअसल, राहुल गांधी के बयान से भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। इसी नाराजगी को जताने के लिए भाजयुमो ने झाबुआ में पुतला जलाकर अपना विरोध व्यक्त किया। प्रदर्शन के समय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारों के माध्यम से राहुल गांधी के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। यह प्रदर्शन झाबुआ के मुख्य क्षेत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें कई युवा कार्यकर्ता भी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर राहुल गांधी की टिप्पणी की निंदा की। इस घटना के बाद झाबुआ का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया और भाजपा समर्थकों ने खुले तौर पर अपना विरोध प्रकट किया।