Prajapati Will be INDIA’s Candidate in Khajuraho : खजुराहो में रिटायर्ड IAS आरबी प्रजापति होंगे ‘इंडिया गठबंधन’ के उम्मीदवार! 

रिटायर्ड आईएएस होने के अलावा वे अलग बुंदेलखंड राज्य मांग करते रहे!

656

Prajapati Will be INDIA’s Candidate in Khajuraho : खजुराहो में रिटायर्ड IAS आरबी प्रजापति होंगे ‘इंडिया गठबंधन’ के उम्मीदवार! 

Khajuraho : मीरा यादव का नामांकन परचा निरस्त होने के बाद समझा जा रहा था कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो से भाजपा के उम्मीदवार वीडी शर्मा को वॉकओवर मिल गया, पर ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने फॉरवर्ड ब्लॉक की तरफ से नामांकन दाखिल करने वाले आरबी प्रजापति उर्फ़ राजा भैया को समर्थन देने की घोषणा की।

आरबी प्रजापति प्रशासनिक पृष्ठभूमि से आते हैं। वे रिटायर्ड आईएएस हैं और कमिश्नर भी रह चुके हैं। आईएएस से पहले वे असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुके हैं। वे करैरा सीट से विधानसभा चुनाव लड़े थे, पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वे लम्बे अरसे से अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग करते रहे हैं।

इस तरह खजुराहो लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन फिर चुनाव मैदान में आ गया। यहां से सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद भाजपा उम्मीदवार वीडी शर्मा को वॉकओवर मिलने जैसी स्थिति बन गई थी। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं और इंडिया गठबंधन ने वीडी शर्मा का मुकाबला करने के लिए यहां से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक यानि एआईएफबी के उम्मीदवार रिटायर्ड आईएएस राजा भैया प्रजापति को अपना समर्थन दे दिया।

इंडिया गठबंधन के अंतर्गत कांग्रेस ने यह सीट सपा के लिए छोड़ी थी। सपा की उम्मीदवार पूर्व विधायक मीरा यादव का नामांकन निरस्त कर दिए जाने के बाद कांग्रेस ने कहा था कि यहां से किसी अन्य मजबूत प्रत्याशी का समर्थन करेंगे। भोपाल में शनिवार को विपक्षी इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस यानि इंडिया गठबंधन की बैठक में भी इस बात पर सहमति जताई गई थी।

विपक्षी गठबंधन के इस फैसले के बाद खजुराहो सीट पर प्रत्याशी रिटायर्ड आईएएस राजा भैया प्रजापति ने कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से मुलाकात कर समर्थन मांगा था। बाहर आकर प्रजापति ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि खजुराहो में अब भाजपा उम्मीदवार वीडी शर्मा का मुकाबला करने के लिए मैं ही सबसे मजबूत उम्मीदवार हूं। इसलिए इंडिया गठबंधन से समर्थन मांगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात अच्छी रही और उन्होंने कांग्रेस के समर्थन का आश्वासन भी दिया।

शुक्रवार को खजुराहो से मीरा यादव का नामांकन निरस्त कर दिए जाने के बाद राजा भैया प्रजापति ने भी चुनाव आयोग से बीजेपी की शिकायत की थी। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी प्रजापति ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता उनका नामांकन पत्र वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए अपनी जान को भी खतरा बताया था। लेकिन, अब हालात बदल गए हैं।