
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश सभी के लिए प्रेरणा के स्त्रोत: कोठारी
Bhilwara : विधायक अशोक कुमार कोठारी ने रविवार को विधायक कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर विधायक कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम से देशभक्ति, जनजागरूकता और समाजहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी मिलती है।
विधायक कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में देश और समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से बात रखी। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में पिछले एक माह से बन रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण कुछ चुनौतियां अवश्य उत्पन्न हुई हैं, लेकिन देशवासियों को एकजुट होकर इन परिस्थितियों का सामना करना चाहिए। साथ ही उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और ऐसे संवेदनशील विषयों पर राजनीति से बचें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आश्वस्त करते हुए बताया कि डीजल, पेट्रोल और गैस जैसी आवश्यक वस्तुएं देश में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा नागरिक पूरी तरह सुरक्षित और निश्चिंत हैं।
‘ज्ञान भारत’ और सांस्कृतिक धरोहर पर जोर!
विधायक कोठारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की भूमि रहा है। उन्होंने प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और शोध के महत्व पर प्रकाश डाला तथा ‘ज्ञान संग्रहालय’ की स्थापना का उल्लेख किया। इस दौरान विभिन्न राज्यों से लोगों द्वारा भेजी गई महत्वपूर्ण पांडुलिपियों और जानकारियों का भी जिक्र किया गया।
‘भावी भारत’ और युवाओं की भागीदारी!
विधायक कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘भावी भारत’ की परिकल्पना पर भी जोर दिया, जिसमें देश के विकास और भविष्य की दिशा तय करने में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों के सुझाव और सहभागिता से देश के विकास के नए रास्ते खुलते हैं।
खेलों को लेकर युवाओं का बढ़ाया उत्साह!
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि “खेलेंगे तो खिलेंगे”। विधायक कोठारी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने टी-20 विश्व कप में भारत की जीत पर देशवासियों को बधाई दी, साथ ही जम्मू-कश्मीर में रणजी ट्रॉफी में लंबे अंतराल के बाद मिली सफलता का भी उल्लेख किया।
जल संरक्षण और अमृत सरोवर पर दिया संदेश!
विधायक कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गर्मी के मौसम को देखते हुए जल संरक्षण और वाटर हार्वेस्टिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल संकट से बचने के लिए हर नागरिक को अपने स्तर पर प्रयास करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने ‘अमृत सरोवर’ अभियान के तहत देशभर में बनाए गए 70 हजार अमृत सरोवरों का उल्लेख करते हुए इसे जल संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने यह भी कहा कि त्रिपुरा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में जल संकट की स्थितियों से निपटने के लिए किए गए प्रयास प्रेरणादायक हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा!
विधायक कोठारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भी उल्लेख किया और वाराणसी में एक घंटे में 2 लाख 51 हजार पौधे लगाए जाने की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का सुंदर संदेश देता है, जिससे हर नागरिक को प्रेरणा लेनी चाहिए।
सौर ऊर्जा और आत्मनिर्भरता पर बल!
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सोलर एनर्जी और पीएम सूर्य घर योजना पर भी विशेष जोर दिया। विधायक कोठारी ने कहा कि इस योजना के माध्यम से आमजन बिजली बचत के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इस दौरान सुरेंद्रनगर की एक महिला और जयपुर के एक किसान के उदाहरण के माध्यम से योजना के सकारात्मक प्रभावों को भी रेखांकित किया।
जन-जन तक पहुंचे ‘मन की बात’!
अंत में विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि समाज को प्रेरित करने वाला जनसंदेश है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस कार्यक्रम से जुड़ें, प्रेरणा लें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने सभी को संदेश देते हुए कहा-हम सभी प्रधानमंत्री जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से प्रेरणा लें, देशहित के विषयों को समझें और भारत को और अधिक सशक्त बनाने में अपना योगदान दें। इस अवसर पर विधायक कोठारी के साथ संजय राठी, गजेन्द्र सिंह राठौड़, मनोज, कमल कोठारी, पवन लढ्ढा सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित थे!





