
Rain Havoc: खरगोन के भगवानपुरा में बारिश का कहर,घरों में पानी घुसा,बहे 2 लोगों के शव मिले
खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र में बारिश ने जन जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया। सड़कों और घरों में पानी घुस गया। इस बीच दो लोगों के बहने के बाद उनके शव ढूंढ लिए गए हैं।
खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र में सोमवार को बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है, और ग्राम पीपल झोपा में अधिकतर घरों में बाढ़ का पानी घुस गया। सड़कों पर भी दो फीट तक पानी भर गया।
इसके अलावा पहाड़ी नदी कुंदा में भी बाढ़ आ गई. भगवानपुरा क्षेत्र में बीते 24 घंटे के दौरान 72 एमएम बारिश हुई। खरगोन जिला मुख्यालय स्थित कुंदा नदी भी उफान पर आ गयी। हालांकि खरगोन जिले में करीब 11 एमएम औसत बारिश रिकार्ड की गई।
खरगोन जिले के झिरनिया थाना क्षेत्र में उफनती पुलिया पार करने के दौरान बारे युवक का शव सोमवार को मिल गया. इसके अलावा रविवार को दोस्तों के साथ महेश्वर घाट पर नहा रहे महाराष्ट्र निवासी व्यक्ति का भी शव भी निकाल लिया गया.
झिरनिया के थाना प्रभारी जीएस सेमलिया ने बताया कि शनिवार को रूपारेल नदी के पुल से बह गए झिरनिया के कालू पहलवान का शव SDERF और पुलिस की टीम ने ढूंढ निकाला है। उसका शव वाहन से 8 किलोमीटर दूर नानखेड़ी में रिकवर किया गया। उन्होंने बताया कि दो बार लोगों ने उफनती नदी के पुल से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तीसरी बार वह नहीं माना और क्रॉस करने के दौरान बह गया था। वह पिछले साल भी एक रपट से बहते हुए बचा था।
ग्रामीणों के अनुसार झिरनिया के कालू पहलवान व दिनेश अभिन्न मित्र थे। दोनों जोखिम भरे कामों के लिए जाने जाते थे। दोनों को शराब की लत थी। दो साल पहले दिनेश ने शराब पीने की शर्त लगाई थी। एक ही बार में वह पूरी बोतल पी गया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। अब कालू की मौत भी शराब के कारण हुई। शनिवार को नशे में वह लोगों को अपनी बहादुरी दिखाने पुलिया क्रॉस करने गया था। वह अविवाहित था। मजदूरी कर खुद और माता-पिता का पालन करता था।
इसी तरह महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के धड़गांव निवासी 15 वर्षीय मनोज वाडीले का शव सोमवार को निकाल लिया गया। मंडलेश्वर की एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने बताया कि वह रविवार को अपने कुछ मित्रों के साथ महेश्वर आया था। वे लोग महेश्वर के घाट पर पहुंचे थे। उन्हें कई लोगों ने काशी विश्वनाथ घाट की तरफ जाकर नहाने के लिए मना किया था। लेकिन इसके बावजूद वे नहाने लगे और वह गहरे पानी मे चले गया था। उसके साथ डूब रहे उसके एक अन्य दोस्त प्रतीक को स्थानीय गोताखोर ने बचा लिया था।
उधर बड़वानी जिले के राजपुर में शनिवार को रूपा नदी की बाढ़ में बह गई चारों कारें मिल गई है।





