Raisen Fort : इस किले का रहस्‍य भी अजीब है, जानेंगे तो विश्वास नहीं होगा!

इस रहस्यमयी किले में मंदिर भी है और मस्जिद भी!

660

Raisen Fort : इस किले का रहस्‍य भी अजीब है, जानेंगे तो विश्वास नहीं होगा!

Raisen : देश के हर किले के साथ कोई न कोई रहस्य जुड़ा है। ऐसा कोई किला नहीं जिसके कोई रहस्यमयी कहानी न हो। रायसेन के किले के साथ भी अजीबो गरीब कहानी जुड़ी है। कहा जाता हैं कि यहां राजा ने ही अपनी रानी को मौत के घाट उतार दिया था। राजा ने अपनी पत्‍नी को दुश्‍मनाें से बचाने के लिए उसका सिर काट दिया था।

इसे रायसेन फोर्ट के नाम से जाना जाता है। यहां कई राज दफन हैं और इसे लेकर कई प्रथाएं प्रचलित हैं। लेकिन, एक ऐसी कहानी है जो खौफ और आश्‍चर्य से भरपूर है। कहते हैं कि यहां के राजा ने अपनी ही रानी का सिर काट दिया था। इसके पीछे भी एक रहस्यमयी कहानी है। यह किला 1200 ईसवी में बना था। किला शहरी की पहाड़ी पर स्थित है। दो धर्मों की समानता को दर्शाने वाले इस किले के भीतर एक मंदिर और एक मस्जिद है।

800 साल पुराने किले में 9 प्रवेश द्वार और 13 टॉवर हैं। इसके अलावा यहां कई गुंबद और मध्‍यकाल की कई इमारतों के अवशेष भी मौजूद हैं। हालांकि, अब यह महल सैकड़ों चमगादड़ों का घर है। इस किले का इतिहास गौरवशाली रहा है। यहां कई राजाओं ने शासन किया था। इनमें से एक थे शेरशाह सूरी। बताया जाता है कि शेरशाह सूरी ने इस किले को जीतने के लिए अपना सब कुछ दाव पर लगा दिया। उन्होंने किले पर राज करने के लिए तोप बनाने के लिए तांबे के सिक्‍कों को पिघलाया था। अपनी इस मेहनत की बदौलत ही वह किले को जीतने में कामयाब हो पाए।

1543 ईस्वी में शेरशाह सूरी ने इस किले को जीतने के लिए धोखे का सहारा लिया। बताते हैं कि उस समय इस किले पर राजा पूरणमल का शासन था। जब उसे पता चला कि उसके साथ छल या धोखा किया गया है, तो उसने अपने दुश्‍मनों से अपनी पत्‍नी को बचाने के लिए उसका ही गला काट दिया।