
Raja Murder Case : शिलांग एसआईटी शिलोम को इंदौर लाई, उसने गहने रतलाम में ठिकाने लगाए!
Indore : शनिवार रात शिलांग से एसआईटी प्रॉपर्टी ब्रोकर शिलोम को इंदौर लेकर आई और उसके घर की तलाशी ली। शिलोम को फ्लाइट से लेकर आई टीम ने राजा और सोनम के छुपाए गए गहनों को उसके घर में तलाश किया। करीब एक घंटे तक घर में छानबीन कर टीम रवाना हो गई। इस दौरान महिलाओं से भी पूछताछ की गई। बताते हैं कि शिलोम ने बाद में बताया कि उसने उन गहनों को रतलाम में ठिकाने लगाया है। पुलिस उसे रतलाम भी लेकर जा सकती है।
महालक्ष्मी नगर निवासी प्रापर्टी ब्रोकर शिलोम जेम्स से साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में पूछताछ चल रही है। ईस्ट खासी हिल्स शिलांग पुलिस और एसआईटी शनिवार शाम 7.30 बजे की फ्लाइट से इंदौर पहुंची। क्राइम ब्रांच थाने में आमद दर्ज करवाई और कार (एमपी 09 डब्ल्यूएम 9493) से सीधे महालक्ष्मी नगर पहुंचे। एक अन्य कार (एमपी 03 ए 2423) में क्राइम ब्रांच के अफसर थे। अफसरों ने घर के दरवाजे बंद कर शिलोम और उसके परिवार की महिलाओं से पूछताछ की। आभूषण जब्ती की अधिकृत जानकारी अभी नहीं मिली है।
ब्रोकर, बिल्डर, चौकीदार रिमांड पर
शिलोम (ब्रोकर), लोकेंद्र तोमर (बिल्डर) और बलवीर अहिरवार (चौकीदार) छह दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। एसआईटी ने 26 जून को उन्हें कोर्ट में पेश किया था। शिलोम ने विशाल को फ्लैट किराए पर दिया था। इसमें सोनम रघुवंशी रुकी थी। हीराबाग स्थित फ्लैट लोकेंद्र का है। सोनम की गिरफ्तारी के बाद लोकेंद्र, सिलोम और बलवीर ने बैग गायब कर दिए थे। शिलोम सोनम का एक बैग निपानिया क्षेत्र में जला चुका है। उसमें भी मोबाइल व अन्य सामान था। लैपटाप वाला बैग फेंकना बता रहा है। पुलिस उससे लैपटाप के संबंध में भी पूछताछ करेगी।





