
Raja’s Body Will Arrive in Indore Today : शिलांग से आज इंदौर आएगा राजा का शव, परिजनों की CBI जांच की मांग!
Indore : शादी के बाद हनीमून पर मेघालय गए कैट इलाके के साकार नगर के रहने वाले राजा रघुवंशी का शव सोमवार को चेरापूंजी की एक खाई में मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान होना पाए गए। वह पत्नी सोनम के साथ 23 मई को शिलांग गया था। सोनम का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। जबकि, राजा के शव को लेकर परिजन इंदौर रवाना होंगे। आज बुधवार को शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मामले की विस्तृत जांच के लिए स्थानीय सरकार ने एसआईटी गठित की है, लेकिन परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग की। मंगलवार को राजा का शार्ट पीएम किया गया। इसके बाद सेहरा (चेरापूंजी) पुलिस ने डॉक्टरी जांच के बाद अज्ञात आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस बहू को सलामत सौंपे
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा कि जिस हालत में राजा हमें मिला है, उस हालत में बहू सोनम न मिले। हमारी बहू जिंदा मिले और पुलिस उसे तत्काल खोजकर सही सलामत सौंपे। विपिन ने कहा कि राजा का पर्स, मोबाइल फोन, चेन नहीं मिली है। पुलिस पूरी मामले की ठीक से जांच करे। विपिन ने लूट की आशंका जताई है, जिस पार्किंग यार्ड के नीचे शव मिला, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। पुलिस ने शुरूआत में जांच की गति ढीली रखी।
फोरेंसिक टीम ने सबूत खोजे
जिस स्थान पर राजा की लाश मिली, वहां से फोरेंसिक विशेषज्ञों ने सबूत जुटाए हैं। शव काफी शत-विक्षत हो चुका है। इस कारण किसी हथियार के घाव स्पष्ट तौर पर शव पर विशेषज्ञों को दिखाई नहीं दिए। जांच के लिए राजा के नाखून के सेंपल भी लिए गए। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि घटना स्थल से स्कूटर 25 किलोमीटर आगे तक कैसे चली गई। वहां तक आखिर कौन ले गया! सोनम का भी अभी तक पता नहीं चला है। उसके साथ क्या हुुआ। इस बारे में अफसर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है।
खाई में उतरने से पहले खाया था केला
जानकारी के मुताबिक, राजा और सोनम जब खाई में उतरे थे तो उन्होंने काफी पी और केला खाया था। सोनम को कॉफी अच्छी नहीं लगी थी। इस कारण राजा ने दुकानदार से बहस की थी। पुलिस दुकानदार से भी पूछताछ कर रही है। उधर, पुलिस ने मंगलवार सुबह से सोनम की तलाश तेज कर दी। राजा का शव मिलने के बाद पुलिस अब इसकी गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। पुलिस लूट और तात्कालिक विवाद के एंगल से पड़ताल कर रही है। खाई वाले हिस्से के ऊपर पार्किंग है। आशंका है कि वहां राजा का विवाद हुआ है और उसे मार कर खाई वाले हिस्से में फेंक दिया गया है।
दुकानदार से हुआ था विवाद
यह भी पता चला है कि राजा और सोनम जब खाई में उतरे, तो उन्होंने काफी और केला खाया था। सोनम को कॉफी अच्छी नहीं लगी थी। इस कारण राजा ने दुकानदार से बहस की थी। पुलिस दुकानदार से भी पूछताछ कर रही है। उधर पुलिस ने मंगलवार सुबह से सोनम की तलाश तेज कर दी, क्योंकि उसका कोई पता नहीं चला है। राजा के शव के पास से महिला का सफेद टीशर्ट और एक दवा की स्ट्रिप भी मिली है। पुलिस यह भी पता कर रही टीशर्ट और दवाएं सोनम की है या किसी ने खाई में फेंक दी। राजा और सोनम के लापता होने के बाद परिजन उनके साथ किसी तरह की वारदात होने की आशंका जता रहे थे। रात को परिजनों को भी थाने बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने हस्ताक्षर नहीं किए। फिलहाल पुलिस का फोकस सोनम को खोजने पर है। उसके मिलने के बाद गुत्थी सुलझ पाएगी।
परिजन सदमे में, मां की हालत खराब
राजा की मौत की खबर सोनम के परिजनों को लग गई थी। वे सोमवार रात ही राजा के घर पहुंच गए। अचानक रात में सोनम के परिजन पहुंचे तो राजा की मां उमा, पिता अशोक को शक हुआ। काफी देर तक वे सोनम के परिजनों से वास्तविकता जानने में लगे रहे, अंतत: उन्हें राजा को खोने की जानकारी मिल गई। राजा के मृत होने की जानकारी मिलते ही पूरा परिवार सदमे मेंं है, मां की हालत खराब है।
इसलिए नहीं दी थी जानकारी
माता-पिता को कई गंभीर बीमारियां है। विपिन ने बताया कि राजा की मौत की जानकारी इसलिए नहीं दी कि दोनों बीमार रहते हैं। बुरी खबर सुनने से माता-पिता का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। यही कारण है कि दोनों के मोबाइल स्वीच आफ कर परिजनों ने अपने पास रख लिए थे। टीवी का रिमोट भी छुपा दिया है। शव को घर लाने लाकर चंद मिनट में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।





