उप राष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन से राजस्थान विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की शिष्टाचार भेंट

34

उप राष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन से राजस्थान विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की शिष्टाचार भेंट

राज्य विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित “संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष-नवाचारों के 2 वर्ष “ और विधान सभा की दैनंदिनी भेंट की

नई दिल्ली । राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने उप राष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन से शुक्रवार को भारतीय संविधान के सिन्धी भाषा में विमोचन समारोह से पूर्व उप राष्ट्रपति भवन में शिष्टाचार भेंट की।

विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने उप राष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन को राज्य विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित “संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष-नवाचारों के 2 वर्ष “ पुस्तक और विधान सभा की दैनंदिनी भेंट की।

इस अवसर पर केन्द्रीय विधि और न्याय राज्य (स्वतन्त्र प्रभार ) और संसदीय कार्य राज्य मन्त्री श्री अर्जुन राम मेघवाल और इन्दौर मध्य प्रदेश से लोकसभा में सांसद श्री शंकर लालवानी भी मौजूद थे।

श्री देवनानी ने उप राष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन को बताया कि इस दैनंदिनी में राजस्थान के गठन से वर्तमान विधानसभा की विभिन्न गतिविधियों के चित्रों को प्रकाशित किया गया है। विशेष कर 30 मार्च 1949 को देश के तत्कालीन गृह मंत्री सरदार श्री वल्लभभाई पटेल द्वारा जयपुर के तत्कालीन महाराजा श्री मानसिंह को राजप्रमुख की शपथ दिलवाने और देश के प्रथम प्रधानमंत्री श्री जवाहर लाल नेहरू तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा राज्य विधान सभा के सदस्यों को सम्बोधित किए जाने आदि महत्त्वपूर्ण घटनाओं के चित्र भी प्रकाशित किए गए है।

श्री देवनानी ने बताया कि उनके कार्यभार संभालने के बाद भारतीय नव वर्ष चैत्र प्रतिपदा से राज्य विधान सभा की पुस्तक और दैनंदिनी प्रकाशित कराने की नई परम्परा शुरू की गई है।

स्व मोरारजी देसाई को श्रद्धांजलि

विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को उपराष्ट्रपति भवन में पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ मोरारजी देसाई की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।