Rajasthan News: BJP प्रदेश कार्यसमिति की वृहद बैठक शनिवार को जयपुर में,केंद्र में मंत्री बने राजस्थान के 4 सांसदों का होगा सम्मान

142
40 Star Campaigner For BJP
40 Star Campaigner For BJP

Rajasthan News: BJP प्रदेश कार्यसमिति की वृहद बैठक शनिवार को जयपुर में,केंद्र में मंत्री बने राजस्थान के 4 सांसदों का होगा सम्मान

गोपेन्द्र नाथ भट्ट की रिपोर्ट 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई प्रदेश में विधानसभा की पांच सीटों पर होने वाले उप चुनाव और प्रदेश के स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज के चुनावों से पहले एक बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन कर अपने गांव स्तर के कार्यकर्ता के मनोबल को बढ़ाने का उपक्रम कर रही है। इस दिशा में प्रदेश भाजपा अपनी प्रदेश कार्यसमिति की एक वृहद बैठक शनिवार को राजधानी जयपुर करने जा रही है जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। देश और प्रदेश में सरकार बनने के बाद राजस्थान भाजपा की यह पहली बड़ी बैठक होगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी पी जोशी के अनुसार शनिवार को सुबह नौ बजे से सांगानेर हवाई अड्डा के पास सीतापुरा स्थित जेईसीसी सभागार में यह वृहद कार्यसमिति की बैठक शुरू होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य मंत्री गण भी भाग लेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार प्रधान मंत्री बनने के बाद राजस्थान में होने वाली भाजपा की यह एक बड़ी बैठक है। इस बैठक में प्रदेश भर से भाजपा के विधायक, सांसद, मंत्री के साथ-साथ मंडल स्तर से लेकर पंचायत राज, निकाय और प्रदेश पदाधिकारियों सहित करीब 8 हजार जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।

दो सत्रों में होने वाली वृहद कार्यसमिति की बैठक के दौरान पहले सत्र में केंद्र सरकार में मंत्री बने राजस्थान के चार सांसदों भूपेन्द्र यादव, अर्जुन राम मेघवाल, गजेन्द्र सिंह शेखावत और भागीरथ चौधरी का स्वागत किया जाएगा और दूसरे सत्र में भाजपा की आगामी कार्य योजना का खाका बनाया जाएगा। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम भी उपस्थित रहेंगे। वृहद कार्यसमिति की तैयारियों के लिए बनाई गई व्यवस्था कमेटियों ने अपने अपने काम को अंतिम रूप दे दिया हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी, प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल और प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ ने भी बैठक की तैयारियों का जायजा लिया है।

कार्यसमिति बैठक में भाजपा की आगामी कार्ययोजना का रूटमैप बनाया जाएगा। भाजपा की भजनलाल सरकार की ओर से पेश किये गए पूर्णकालिक बजट 2024-2025 में विकसित राजस्थान, सशक्त राजस्थान, अग्रणी राजस्थान और समग्र राजस्थान की परिकल्पना को साकार किया है।बजट में प्रदेश के हर वर्ग के चहुंमुखी विकास और सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर उस पर काम शुरू कर दिया गया है।बजट में सिंचाई से लेकर पेयजल समस्या के समाधान के लिए 15 हजार करोड की लागत से 25 लाख नल कनेक्शन देने की घोषणा की गई है।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि प्रदेश में 06 हजार करोड की लागत से 53 हजार किलोमीटर सडकों का जाल बिछाया जाएगा. इसके अलावा 09 हजार करोड की लागत से राज्य राजमार्ग, आरओबी और आरयूबी के निर्माण होंगे. 2750 किलोमीटर के 09 ग्रीनफील्ड हाईवे बनेंगे वहीं शहरी विकास के लिए 500 करोड की श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान, कचरा प्रबंधन और सीवरेज आदि पर विशेष फोकस किया जाएगा. बस सेवाओं, मेट्रो सेवाओं का विस्तार, औद्योगिक विकास के लिए इंडस्ट्री पॉलिसी, टेक्सटाइल्स पॉलिसी और एमएसएमई पॉलिसी जैसे नये कदमों के साथ प्रदेश को औद्योगिक गति मिलेगी. राजस्थान की जीडीपी में 5.6 प्रतिशत योगदान देने वाले पर्यटन उद्योग को बढावा देने के लिए पर्यटन बोर्ड और पर्यटन विस्तार किया जाएगा।

देखना है राजस्थान में प्रदेश भाजपा लोकसभा चुनाव में 11 सीटों पर पराजित होने के बाद आने वाले चुनावों में अपने कार्यकर्ताओं के मन में किस ढंग से विजय का मंत्र फूंकने का प्रयास करेगी?