Rajya Sabha Election 2024: MP से भाजपा के चारों राज्यसभा प्रत्याशी गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे!

698
Rajya Sabha Election 2024

Rajya Sabha Election 2024: MP से भाजपा के चारों राज्यसभा प्रत्याशी गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे!

भोपाल। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए भाजपा द्वारा नामांकित किए गए चार प्रत्याशियों के नामों की घोषणा का स्वागत किया है और इन प्रत्याशियों को सुयोग्य प्रत्याशी बताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। गुरुवार को ये सभी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज घोषित प्रत्याशियों में चारों प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र के योग्य प्रत्याशी हैं। उज्जैन के उमेश नाथ जी महाराज का काफी नाम है।

वाल्मीकि समाज सहित अन्य समाजों में भी उनका सम्मान है। छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों की समाप्ति के लिए उन्होंने कार्य किया है। इसी तरह तमिलनाडु के डा. एल मुरुगन केंद्रीय मंत्री हैं, उन्हें पूर्व में भी संगठन ने अवसर दिया। वे बड़े कद के हैं। उन्हें पुन: अवसर दिया गया है। मध्यप्रदेश से एक अन्य प्रत्याशी बंसीलाल गुर्जर का चयन हुआ है, जो मंडी सहित स्थानीय निकायों से जुड़े रहे हैं। वे किसान वर्ग के लिए भी आवाज उठाते रहे हैं।महिला मोर्चा संगठन से जुड़ी रही ओबीसी नेता नर्मदापुरम निवासी माया नरोलिया भी प्रत्याशियों में शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाया है। चारों प्रत्याशी कल नामांकन भरेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी ने राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में अनुसूचित जाति वर्ग से दो और पिछड़ा वर्ग से दो कार्यकर्ताओं को चुना है। चारों प्रत्याशी बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश-देश में पार्टी संगठन को सशक्त बनाने का काम किया है। महिला सशक्तीकरण पार्टी की प्राथमिकता रही है।