
Ram Van: भोपाल में तैयार हो रहा राम वन, 5 स्थानों पर लगाए जाएंगे 3 लाख पौधे
भोपाल। राजधानी में हरियाली को बढ़ावा देने के लिए सरकारी विभाग के साथ कई संस्थाएं भी काम कर रही हैं। इसी दिशा में कार्यरत राम आस्था मिशन फाउंडेशन भोपाल में पांच स्थानों पर राम वन पद्धति से घने जंगल विकसित करेगा। फाउंडेशन जिला प्रशासन और नगर निगम भोपाल के सहयोग से जंगल तैयार कर रहा है। फाउंडेशन का सभी जंगलों को 30 जुलाई तक तैयार करना है। चयनित पांचों स्थानों पर स्थानीय प्रजातियों के 116 प्रकार के पौधों के साथ फलदार, औषधीय और फूलों की तीन लाख से अधिक पौधों को रोपित किया जाएगा। इन पौधों में 22 प्रकार के फल, 16 प्रकार के फूल और 20 औषधीय पौधों के साथ-साथ झाड़ियां, कांटे, घास और लताएं शामिल हैं।
0 इधर कोलार सिक्सलेन पर विकसित होगा ग्रीन कॉरिडोर
कोलार सिक्सलेन रोड यानी कोलार गेस्ट तिराहे से लेकर गोल जोड़ तिराहे तक करीब 15 किलोमीटर लंबी सड़क को नगर निगम प्रशासन ग्रीन कॉरिडोर के तौर पर विकसित कर रहा है। राजधानी की सबसे पहली और बड़ी सिक्सलेन सड़क पर नगर निगम प्रशासन करीब 10 करोड़ रुपए की राशि से 15 किलोमीटर के दायरे में लगभग 20 हजार से अधिक पौधे लगाएंगी। यह काम नगर निगम प्रशासन अगले महीने यानी जून से शुरू करने वाली है। सेन्ट्रल वर्ज में ये पौधे लगाए जाएंगे और इनकी सुरक्षा को लेकर करीब तीन फीट ऊंची रैलिंग भी लगाई जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने इस काम को लेकर अपनी कार्ययोजना बना ली है। इस संबंध में काम करने के लिए योजना के हिसाब से काम अंतिम चरणों में काम चल रहा है। जल्द ही इसे मूर्त रुप देने के लिए नगर निगम प्रशासन काम शुरू करेगा।





