Rang Panchmi Ger-2024 : इस बार रंगपंचमी गेर देखने के लिए मेहमानों की 9 भवनों की छत पर बैठने की व्यवस्था!

कलेक्टर और निगम आयुक्त ने गेर मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित की!

756

Rang Panchmi Ger-2024 : इस बार रंगपंचमी गेर देखने के लिए मेहमानों की 9 भवनों की छत पर बैठने की व्यवस्था!

 

Indore : शनिवार 30 मार्च को रंग पंचमी के अवसर पर शहर के राजबाड़ा इलाके में रंगारंग गेर निकलेगी। इस गेर के माध्यम से पूरा शहर रंगों से सराबोर होगा। इस रंग-बिरंगी विरासत को संवारने की अनूठी पहल भी की जा रही है। इस बार गेर मार्ग के अनेक भवनों की बालकनी और छतों पर बैठकर मेहमान गेर का आनंद ले सकेंगे। इसकी बुकिंग के लिए कलेक्टर आशीष सिंह ने एक मोबाइल एप भी लांच किया है। इंदौर की गेर को यूनेस्को के मानकों के निकाले जाने ई कोशिश की जा रही है, ताकि अगले साल इसे ‘विश्व धरोहर सूची’ में शामिल कराए जाने के प्रयास किए जा रहे है। इस बार राजबाड़ा की सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। चारों तरफ से इमारत को तारपोलिन से ढंक दिया गया ताकि वो रंग से खराब न हो।

IMG 20240329 WA0078

कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी ऑफिस में आयोजित बैठक में इंदौर गेर-2024 एप https://play.google.com/store/apps/details?id=com.appnosys.rangpanchmi लांच किया गया। इस एप के माध्यम से नि:शुल्क बुकिंग कराई जा सकेगी। गेर मार्ग के 9 भवनों को मेहमानों के बैठने के लिए चिन्हित किया गया है। इन भवनों में बैठक क्षमता लगभग 200 रहेगी। लांच किए एप में नाम, मोबाइल नम्बर तथा आईडी प्रूफ के साथ बुकिंग कराई जा सकेगी। व्यक्ति के दस्तावेज के सत्यापन के पश्चात उसे कंफरमेशन का मैसेज दिया जाएगा। प्रत्येक भवनों पर वालेंटियर की व्यवस्था भी की गई है। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम अभिलाष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

गेर मार्ग का निरीक्षण, तैयारियों का जायजा

रंग पंचमी पर निकलने वाली रंगारंग गेर की व्यापक तैयारियां जारी है। कलेक्टर आशीष सिंह ने गेर आयोजकों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ गेर मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गेर मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गेर मार्ग की बांधाएं हटाने के लिये भी निर्देशित किया। गेर मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी की जायेगी। इस दौरान उनके साथ संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। आज निगम आयुक्त ने भी गेर मार्ग का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को गेर समाप्त होने के बाद तुरंत सफाई अभियान चलाकर गेर मार्ग की सफाई करने को कहा है।