

Rangpanchami’s Procession : इंदौर के राजबाड़ा पर कल ‘गेर’ की धूम, ऐतिहासिक इमारतों को ढांका!
Indore : हर साल की तरह इस बार भी शहर में रंगपंचमी पर लोगों को सराबोर करने की तैयारियां पूरी हो गई। ऐतिहासिक राजवाड़ा क्षेत्र और उसके आसपास परंपरागत गेर का आयोजन होगा, जिसमें हजारों लोग रंगों में भीगने के लिए शामिल होंगे। शहर के कई इलाकों से निकलकर राजबाड़ा पहुंचने वाली गेर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने इंतजाम किए हैं।
प्रशासन ने इस आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात में बदलाव के साथ बिजली कटौती के कई प्रबंध किए हैं। रंगपंचमी की यह गेर इंदौर की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है और इस बार भी शहरवासी इसे पूरे उत्साह के साथ मनाने के लिए तैयार हैं।
यातायात प्रतिबंध और मार्ग बदलाव
रंगपंचमी के दिन गेर आयोजन के कारण राजवाड़ा और उसके आसपास के मार्गों पर भारी भीड़ रहेगी। पुलिस उपायुक्त (यातायात) अरविंद तिवारी के निर्देशन में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। राजवाड़ा, जवाहर मार्ग, सराफा, इमली बाजार और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में वाहनों का प्रवेश और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगा। सिटी बसें जवाहर मार्ग और राजवाड़ा क्षेत्र में नहीं चलेंगी, वे वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगी। वाहनों को डाइवर्ट करने के लिए संजय सेतु, मृगनयनी चौराहा, गंगवाल बस स्टैंड, भंवरकुआं और पलसीकर चौराहा जैसे पॉइंट तय किए गए हैं।
वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
गेर में शामिल होने वाले लोगों के लिए विशेष पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें शिवाजी मार्केट, संजय सेतु रिवर साइड, मच्छी बाजार,जिंसी हाट मैदान, मल्हार आश्रम, रामबाग,हरसिद्धि मंदिर, खालसा स्टेडियम और मालगंज सब्जी मंडी शामिल हैं।
गेर को ‘यूनेस्को’ धरोहर में शामिल करना लक्ष्य
इंदौर प्रशासन लंबे समय से रंगपंचमी की गेर को ‘यूनेस्को’ की सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल कराने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, इस साल इस प्रयास को कड़ी चुनौती मिल सकती है क्योंकि संस्कृति मंत्रालय ने मथुरा, वृंदावन और बरसाना की प्रसिद्ध होली को भी इस सूची में शामिल करने का प्रस्ताव दिया है।
बिजली कटौती का शेड्यूल जारी
रंगपंचमी की गेर के दौरान पानी और रंगों की ऊंची बौछारें की जाती हैं, जिससे बिजली के तारों और हाई-टेंशन लाइनों से खतरा बढ़ सकता है। इस कारण सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कई इलाकों में बिजली बंद रहेगी। बिजली कटौती से प्रभावित होने वाले प्रमुख क्षेत्र होंगे जिंसी हाट मैदान, मल्हारगंज, तेली बाखल, बड़ा गणपति, राम लक्ष्मण मंदिर, इमामबाड़ा, सराफा, गोपाल मंदिर, कृष्णपुरा छत्री, खजूरी बाजार, बजाज खाना चौक, शक्कर बाजार, अहिल्यापुरा, जूना रिसाला और पंढ़रीनाथ।
सुरक्षा और व्यवस्था
गेर आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस, यातायात विभाग और क्यूआरटी टीमें तैनात रहेंगी। ये टीमें माइक्रोफोन से अनाउंसमेंट और वीडियो ग्राफी के जरिए भीड़ प्रबंधन करेंगी।