

Rape of a Minor : एक साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना, बच्ची को इंदौर रैफर किया गया, मामला दर्ज!
धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट
Dhar : जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम रिंगनोद में एक साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया। अज्ञात व्यक्ति मासूम से दुष्कर्म करके फरार हो गया। बच्ची के माता-पिता ने जब बच्ची को जोर-जोर से रोते देखा तो पता चला। उसके कपड़े फटे थे और प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था। परिजन उसे तुरंत राजगढ़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखकर उसे इंदौर रेफर कर दिया।
पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई। फिलहाल बच्ची की हालत ठीक बताई जा रही है।
उज्जैन जिले की यह महिला अपने पति के साथ सरदारपुर के ग्राम रिंगनोद में अपने परिचित के यहां शादी में आई थी। वह अपनी एक वर्षीय बच्ची को चटाई पर सुलाकर पति के साथ बर्तन और कपड़े धोने के लिए पानी लेने गई। कुछ देर बाद, वह वापस लौटी तो बेटी रोते मिली। घटना को लेकर अभी अज्ञात आरोपी का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
इस संबंध में रिंगनोद चौकी प्रभारी जीएस भयड़िया ने बताया कि माता-पिता की शिकायत के आधार पर प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाशी की जा रही है वहीं कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही हैं।