Rape of Minor : पूर्व सरपंच ने बच्ची से दुष्कर्म किया, धमकाया और डराया!

दो दिन बाद बच्ची को परेशानी हुई तो मां को बताया, रिपोर्ट दर्ज

526

Rape of Minor : पूर्व सरपंच ने बच्ची से दुष्कर्म किया, धमकाया और डराया!

दमोह से महेंद्र परिहार की रिपोर्ट

Damoh : पथरिया थाना क्षेत्र के पूर्व सरपंच बब्बू ऊर्फ बाबूलाल लोधी (59) को 12 साल की एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि 8 दिसंबर की दोपहर पूर्व सरपंच बब्बू ऊर्फ बाबूलाल लोधी ने अपनी दुकान में बच्ची से दुष्कर्म किया। उसने बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसलिए वह चुप रही और दर्द सहती रही।
दो दिन बाद जब दर्द बढ़ा तो हिम्मत कर उसने मां को पूरी बात बताई। बेटी की बातें सुन परिवार के होश उड़ गए। वे तत्काल 10 दिसंबर को उसे लेकर पथरिया थाने पहुंचे और FIR दर्ज कराई। पथरिया थाना टीआई रजनी शुक्ला ने बताया कि 5 दिन बाद गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
पुलिस को बच्ची ने जो बताया
बच्ची ने बताया कि मैं 6वीं क्लास में पढ़ती हूं। रोज की तरह 8 दिसंबर को भी सुबह साढ़े 10 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। स्कूल के पास ही पूर्व सरपंच की किराना दुकान है, जिसमें वो आटा चक्की भी चलाता है। स्कूल जाते वक्त मैंने उसकी दुकान से 5 रुपए के खाने वाले फिंगर्स खरीदें और स्कूल चली गई। दोपहर में छुट्टी हुई तो सहेली ने कहा कि दुकान तक चलते हैं। यहां उसने कुछ सामान लिया, फिर हम लौटने लगे।
सहेली आगे निकल गई और मैं लौटकर फिर से पुंगे लेने आ गई। यहां मैंने फिर से 5 रुपए के पुंगे लिए। दुकानदार ने मेरा हाथ पकड़कर अंदर खींच लिया। वह मुझे जल्दी से कमरे में ले गया। यहां चक्की लगी हुई थी। मैंने चिल्लाने की कोशिश की। उसने मुझे मारा और मुंह दबा दिया। फिर मेरे साथ गलत काम किया। मैंने रोते हुए घर पर सारी बात बताने का कहा तो बोला कि किसी को बताया तो बहुत मारूंगा। इसके बाद बोला कि तुम अपनी स्कूल की और लड़कियों को मेरे पास लेकर आना।
रोते-रोते बताया
बच्ची ने बताया, मैं बहुत तकलीफ में थी। मैंने न तो स्कूल में किसी को कुछ बताया और न अपने घर पर। दर्द बढ़ने पर खूब रोई। रातभर सो नहीं पाई। मां ने पूछा क्या हो गया, तो डर के कारण मैंने उनसे कुछ नहीं कह पाई। बस सिर में दर्द होना बताया। बाद में पेट दर्द के बारे में बताया। बहुत ठंड लग रही थी। मैंने चाय भी नहीं पी, खाना भी नहीं खाया और रात भर नींद भी नहीं आई।
दो दिन बाद बेटी ने तकलीफ बताई
बच्ची की मां का कहना है कि दो दिन तक बेटी तकलीफ में थी। वो रोती थी। कभी पेट दर्द, तो कभी सिर दर्द की बात कहती थी। मैंने कई बार पूछा, लेकिन उसने नहीं बताया। 2 दिन बाद जब उससे सहन नहीं हुआ तब जाकर उसने पूरी घटना बताई। उसी शाम हम बेटी को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
भाजपा समर्थित है आरोपी पूर्व सरपंच
दुष्कर्म का आरोपी पूर्व सरपंच भाजपा समर्थित है। दो पंचवर्षीय पहले ये पंचायत सरपंच था। यदि ग्रामीणों की माने, तो उसके कार्यकाल में विकास कम, भ्रष्टाचार ज्यादा हुआ है। गांव के लोगों का कहना है कि पहले, तो उसका स्वभाव सामान्य था। हाल में उसकी ये हरकत सामने आई है, तो सभी लोग हैरत में हैं। उसकी पत्नी की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। दो बेटे थे, जिनमें से एक बेटे की भी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। वर्तमान में एक बेटा उसकी पत्नी और एक नाती और नातिन है। स्कूल के पास उसने एक किराने की दुकान खोल रखी है, जिसमें आटा चक्की भी लगी है। दुकान की देखरेख आरोपी ही करता है।