हमीदिया अस्पताल परिसर में चूहों के बिल…नहीं उठाए ठोस कदम,।इंदौर के एमवाय अस्पताल जैसे हालात हो रहे निर्मित….

31

हमीदिया अस्पताल परिसर में चूहों के बिल…नहीं उठाए ठोस कदम,।इंदौर के एमवाय अस्पताल जैसे हालात हो रहे निर्मित….

भोपाल। राजधानी के हमीदिया अस्पताल परिसर में बने पार्क, खाली मैदान और पार्किंग में जगह-जगह चूहों ने बिल बना लिए हैं, लेकिन इन चूहों को खत्म करने के लिए हमीदिया अस्पताल प्रबंधन ने कोई कदम नहीं उठाए हैं। दरअसल इंदौर के एमवाय अस्पताल में बीते दिनों चूहों के काटने से दो नवजातों की मौत के बाद विभाग ने प्रदेश के सभी अस्पतालों में चूहों को नियंत्रित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों ने इस पर काम भी शुरू कर दिया, लेकिन राजधानी के हमीदिया अस्पताल में चौंकानें वाली जानकारी सामने आई है। यहां चूहों को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल बिल्डिंग में तो पेस्ट कंट्रोल होता है, लेकिन मैदान में चूहों को मारने की कोई भी व्यवस्था नहीं है।

0 पत्र लिखकर मांगी जानकारी

दरअसल बीते दिनों कॉलेज डीन कार्यालय द्वारा प्रबंधन को पत्र लिखकर इस मामले की जानकारी मांगी गई थी। इस पर अस्पताल प्रबंधन ने बाहरी चूहों को खत्म करने में असमर्थता जताई थी।

0 जानकारी के मुताबिक हमीदिया अस्पताल में पेस्ट कंट्रोल करने वाली एजाइल नामक कंपनी को अस्पताल प्रबंधन द्वारा बीते 6 माह में 15 करोड़ रुपए का भुगतान पेस्ट कंट्रोल के अलावा अस्पताल की सुरक्षा एवं अन्य कार्यों के लिए किया गया।

0 मालूम हो कि इंदौर में चूहों के नियंत्रण में लापरवाही पर इस एजेंसी के खिलाफ एक लाख रूपए का जुर्माना किया गया था। ऐसे ही हालात अब हमीदिया अस्पताल में बन रहे हैं।

अस्पताल की जिम्मेदार अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन द्वारा दी गई सूचना के बाद संबंधित कंपनी भी इस दिशा में काम कर रही है। चूहों को बिल में रात में दवा डाली जाती है, ताकि लोगों को उससे नुकसान न हो।