Raveesh Kumar : अपने ही अंदाज में रवीश ने NDTV से इस्तीफे को गलत बताया!

शेयर बाजार में आज NDTV के शेयर का भाव बढ़ा 

995

Raveesh Kumar : अपने ही अंदाज में रवीश ने NDTV से इस्तीफे को गलत बताया!

New Delhi : एनडीटीवी में अडानी ग्रुप ने 29% की हिस्सेदारी खरीद ली। इसके बाद से चर्चाओं का बाजार गर्म है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी पर अडानी ग्रुप की पकड़ मजबूत होने के चलते जाने-माने टीवी एंकर रवीश कुमार ने NDTV चैनल से इस्तीफा दे दिया। इस बीच खुद रवीश कुमार ने इशारों में ऐसे कयासों को गलत बताया। इस बीच शेयर बाजार में NDTV के शेयर का भाव बढ़ गया।

रवीश कुमार ने अपने अंदाज में ट्वीट कर ऐसे कयासों का खंडन किया। उन्होंने लिखा ‘माननीय जनता, मेरे इस्तीफ़े की बात ठीक उसी तरह अफ़वाह है, जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुझे इंटरव्यू देने के लिए तैयार हो गए हैं और अक्षय कुमार बंबइया आम लेकर गेट पर मेरा इंतज़ार कर रहे हैं।’

उन्होंने खुद को दुनिया का पहला और सबसे महंगा जीरो टीआरपी एंकर भी बताया। रवीश के इस ट्वीट को बड़ी संख्या में लोगों ने रीट्वीट किया है। NDTV की हिस्सेदारी अडानी ग्रुप के हाथों में जाने के बाद से ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चा चल रही है। बड़ी संख्या में लोग मीम्स भी शेयर कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों की राय भी बंटी हुई नजर आई है।

बड़ी संख्या में लोगों ने रवीश कुमार को अच्छा पत्रकार बताते हुए उनका समर्थन किया है। वहीं एक वर्ग ऐसा भी है, जिसने सोशल मीडिया पर पूछा कि आखिर रवीश कुमार अब क्या करेंगे। भविष्य को लेकर लग रहे कयासों के बीच रवीश कुमार का यह रिएक्शन आया है, जो अहम माना जा रहा है। स्पष्ट है कि फिलहाल रवीश कुमार NDTV में ही हैं। NDTV में अडानी ग्रुप की हिस्सेदारी की खबरों के बाद से ही सोशल मीडिया पर मीम्स भी तैर रहे हैं।

NDTV का शेयर बढ़त पर 

शेयर बाजार में इस फैसले से उत्साह देखने को मिला है। NDTV के शेयरों में बड़ा उछाल दर्ज किया गया। मंगलवार को NDTV का शेयर 366 रुपए पर बंद हुआ था, लेकिन बुधवार की सुबह ही इसमें फिर से तेजी देखने को मिली है। फिलहाल यह 388 रुपए पर कारोबार कर रहा है। NDTV के शेयरों में इस साल 300 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है।