Rebellion in Congress : दूसरी लिस्ट के बाद कांग्रेस में बगावत, पीसीसी के सामने पुतला जलाया!

मालवा-निमाड़ की 5 सीटों समेत करीब 10 नामों को लेकर विरोध!

373

Rebellion in Congress : दूसरी लिस्ट के बाद कांग्रेस में बगावत, पीसीसी के सामने पुतला जलाया!

Bhopal : कांग्रेस की दूसरी लिस्ट आने के बाद बगावत तेज हो गई। पहली लिस्ट का विरोध अभी थमा नहीं था कि दूसरी लिस्ट में घोषित नामों को लेकर भी बागी सड़क पर आ गए। कांग्रेस के बड़े नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के पुतले जलाए गए। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने विरोध करते कार्यकर्ताओं ने भारी हंगामा किया। मालवा निमाड़ की 5 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों को विरोध झेलना पड़ रहा है। विरोधियों ने मोर्चा खोल लिया। कुछ नेता निर्दलीय चुनाव लड़ सकते है।

विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के 229 उम्मीदवारों घोषित किए जा चुके। दोनों लिस्टों में कुछ नामों को लेकर जो विरोध था, वो आज चरम पर आ गया। पवई और सेवढ़ा विधानसभा सीट के नाराज कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन और नारेबाजी की। ये सभी पवई सीट से पूर्व मंत्री मुकेश नायक और सेवड़ा सीट से घनश्याम सिंह को टिकट दिए जाने खिलाफ थे। इन कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर पार्टी ने इन दिनों सीटों पर उम्मीदवार नहीं बदले तो कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने दिग्विजय सिंह पर अपने नेता दामोदर का टिकट कटवाने का आरोप लगाया।

टिकट बदले जाने वाली सीट पर भी बगावत

दूसरी सूची में कांग्रेस ने जिन सीटों पर प्रत्याशी बदले, वहां पर भी विरोध हो रहा है। पार्टी ने जिन नेताओं का टिकट बदला, वे अब नाराज हो गए। दतिया से पूर्व प्रत्याशी अवधेश नायक ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उनका कहना है कि वह अब अपने समर्थकों से रायशुमारी कर रहे हैं, उसके बाद बड़ा फैसला लेंगे। गोटेगांव से शेखर चौधरी का नाम काटे जाने पर भी नाराजी हैं। भोपाल की बैरसिया, हुजूर, दक्षिण पश्चिम, नर्मदापुरम की सुहागपुर सीट के दावेदारों में भी नाराजी की ख़बरें हैं।

कपड़े फाड़े, मुंडन करवाकर विरोध

कमलनाथ के बंगले पर नाराज कार्यकर्ताओं ने कपड़े फाड़कर और मुंडन करवाकर अपना विरोध जताया। भोपाल की बैरसिया विधानसभा से टिकट की दावेदारी कर रहे रामभाई मेहर के समर्थक बड़ी संख्या में कमलनाथ के बंगले पर पहुंचे। मेहर को टिकट न दिए जाने पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इस सीट से जयश्री हरीकिरण को प्रत्याशी बनाया है।

महू में अंतरसिंह ने मोर्चा संभाला

इंदौर की महू विधानसभा सीट से अंतर सिंह दरबार ने अपना विरोध दर्ज करवाया। यहां से टिकट की दावेदारी कर रहे कांग्रेस के नेता अंतर सिंह दरबार को टिकट नहीं मिला। उनकी जगह पार्टी ने भाजपा से आए रामकिशोर शुक्ला को टिकट दिया है। इस कारण अंतर सिंह के कार्यकर्ता नाराज हो गए। शनिवार को दरबार अपने समर्थकों के साथ रैली निकालकर निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर सकते है। वे लगातार तीन बार से महू से चुनाव हार रहे हैं। दरबार का विरोध है कि आखिर किस फार्मूले के तहत रामकिशोर शुक्ला को टिकट दिया गया। वे कांग्रेस में 24 दिन पहले आए। उनका सर्वे में भी नाम नहीं है। फिर टिकट कैसे तय हो गया!

मालवा निमाड़ में 5 स्थानों पर विरोध

कांग्रेस की दूसरी सूची के बाद शुक्रवार को मालवा-निमाड़ में कई स्थानों पर उम्मीदवारों का विरोध शुरू हो गया। जिन दावेदारों के टिकट कटे, उनके समर्थकों ने घोषित उम्मीदवारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कुछ दावेदारों ने बगावत कर निर्दलीय खड़े होने की घोषणा तक कर दी। नाराज नेताओं को मनाने की कवायद अभी प्रदेश स्तर पर शुरू नहीं हुई है। मालवा निमाड़ में जावरा, रतलाम (ग्रामीण), शुजालपुर, बुरहानपुर, खातेगांव और महू सीट पर घोषित प्रत्याशियों को विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

खातेगांव में दीपक जोशी का विरोध

दो महीने पहले भाजपा से कांग्रेस में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी को भी कांग्रेस ने खातेगांव से उम्मीदवार बनाया। उनकी उम्मीदवारी को लेकर भी दूसरे दावेदार नाराज हो गए। टिकट घोषित होने के बाद उनका विरोध तेज होने लगा। शुक्रवार को कांग्रेस के 20 नेताओं ने इस्तीफे दे दिए। नाराज नेता बोल रहे है कि सर्वे में जिन उम्मीदवारों के नाम हैं, उन्हें महत्व दिया जाना चाहिए था, लेकिन पार्टी द्वारा टिकट वितरण में गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया। टिकट की घोषणा होने के बाद विधानसभा के कई स्थानों पर दीपक जोशी के पुतले जलाए गए। कार्यकर्ताओं ने दीपक हटाओ कांग्रेस बचाओ के नारे भी लगाए। कुछ गांवों में दीपक जोशी का गांव में प्रवेश निषेध के पोस्टर भी लगाए गए।

● शुजालपुर में कांग्रेस प्रत्याशी रामवीर सिंह का पुतला जलाया गया। इस सीट से योगेंद्र बंटी भी टिकट चाह रहे थे। उनके समर्थकों ने सड़कों पर पुतले जलाए और नारे लगाए कि शराब ठेकेदार नहीं चलेगा। समर्थकों ने बड़े नेताओं पर पैसा लेकर टिकट देने के आरोप लगाए।

● बुरहानपुर में कांग्रेस ने सुरेंद्र सिंह शेरा को टिकट दिया। शेरा ने पिछला चुनाव कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय लड़ा था और चुनाव जीत गए थे। इस बार कांग्रेस ने उन्हें ही उम्मीदवार बना दिया, तो कांग्रेस नेता विरोध में उतर आए। इस सीट से कुछ अल्पसंख्यक नेता भी टिकट मांग रहे थे। नाराज कार्यकर्ता बोल रहे है कि कांग्रेस ने बागी को पुरस्कार दे दिया है। अब हम चुनाव में काम नहीं करेंगे। इस सीट से अल्पसंख्यक उम्मीदवार की मांग को लेकर आधा दर्जन पार्षदों ने इस्तीफे देे दिए।

● रतलाम में कांग्रेस ने लक्ष्मण सिंह डिंडोर को टिकट दिया है। वे झाबुआ में रहते है। इस सीट से थावर भूरिया टिकट मांग रहे है। वे पूर्व विधायक रह चुके है। डिंडोर का टिकट होने के दो दिन पहले ही उनके समर्थकों ने कांग्रेस के बड़े पदाधिकारियों को ज्ञापन दिया था। शुक्रवार को डिंडोर से नाराज कार्यकर्ता एकत्र हुए और कहा कि बाहरी उम्मीदवार नहीं चलेगा।

● रतलाम की जावरा विधानसभा सीट पर हिम्मत श्रीमाली का विरोध शुरू हो गया। इस सीट से करणी सेना के जीवन सिंह और कांग्रेस नेता वीरेद्र सिंह टिकट मांग रहे है थे। उनके समर्थकों ने विरोध किया।