कांग्रेस जन आक्रोश यात्रा में दिखेगी धार्मिक झलक,मंगलवार से शुरू होगी यात्रा

397

कांग्रेस जन आक्रोश यात्रा में दिखेगी धार्मिक झलक,मंगलवार से शुरू होगी यात्रा

भोपाल
भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा का जवाब देने के लिए कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा मंगलवार से शुरू होने जा रही है। इस यात्रा में कांग्रेस के नेता हर शहर और विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक आस्था भी दिखाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भोपाल में पत्रकार वार्ता कर इस यात्रा को लेकर जानकारी दी।

यह यात्रा 19 सितम्बर से निकलेगी जो पांच अक्टूबर तक चलेगी। यात्रा के मार्ग पर आने वाली नर्मदा-क्षिप्रा-बेतवा- ताप्ती नदी की आरती और उनकी पूजा की जाएगी। इसके साथ क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक जगहों पर भी कांग्रेस के नेता माथा टेकने के पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान कोशिश यह होगी कि नर्मदा नदी के किनारे पर आश्रमों में रात्रि विश्राम किया जाए। यह यात्रा 8 जगहों से निकलेगी। इसमें कर्नाटक से आए रथों का उपयोग होगा। यात्रा में कमलनाथ सहित अन्य नेता भी शामिल होंगे।

कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ लाए गए आरोप पत्र को भी जनता के बीच में इसी यात्रा के दौरान बांटा जाएगा। यात्रा के दौरान हर राहगीर, व्यापारी को यह आरोप पत्र दिया जाएगा। इसके साथ ही कांग्रेस अपने 15 महीने की सरकार की उपलब्धियों की भी जानकारी लोगों को इस यात्रा के दौरान देगी।