Resolve Family Disputes : मध्यस्थता समिति ने पारिवारिक विवाद सुलझाकर बिखरे परिवारों को जोड़ा! 

344

Resolve Family Disputes : मध्यस्थता समिति ने पारिवारिक विवाद सुलझाकर बिखरे परिवारों को जोड़ा! 

जानिए, हाई कोर्ट की मध्यस्थता समिति ने कैसे सालों पुराने घरेलू विवादों को हल किया!

Indore : कलेक्टोरेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मध्यस्थता समिति ने कई पारिवारिक विवादों का सफलतापूर्वक समाधान किया। पति-पत्नी, ससुर, मां-बेटे और दो बहनों के बीच कई साल से चल रहे मतभेदों को मध्यस्थता के जरिए सुलझाते हुए परिवारों को पुनः एकजुट किया गया। यह महत्वपूर्ण कार्य मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के प्रमुख प्रशासनिक न्यायाधिपति विवेक रूसिया एवं मास्टर ट्रेनर पूर्व प्रधान न्यायाधीश डॉ मोहम्मद शमीम के मार्गदर्शन में गठित मध्यस्थता समिति द्वारा संपादित किया गया।

WhatsApp Image 2025 05 31 at 17.41.22 1

कलेक्टर आशीष सिंह, एडीएम रोशन राय एवं मध्यस्थता प्रभारी डिप्टी कलेक्टर विजय मंडलोई के निर्देशन में यह प्रक्रिया हुई। समन्वयक दिलीप गर्ग (सर्वसमाज सामुदायिक मध्यस्थता सेवा समिति, महानगर) ने बताया कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा प्रशिक्षित मध्यस्थ हेमराज वाडिया, पुरुषोत्तम यादव, जहांगीर खान, नवीन चौधरी तथा आदित्य पंडित ने 2 से 3 सुनवाइयों में 5 जटिल पारिवारिक प्रकरणों का समाधान किया।

प्रमुख प्रकरणों की जानकारी

– दो बहनों के बीच लगभग 2-3 साल से मकान संबंधी विवाद चल रहा था। उनकी संपत्ति संबंधी उलझन का समाधान किया गया, जिसमें बड़ी बहन ने अपनी छोटी बहन को मकान सौंपकर समझौता कर लिया।

– पति-पत्नी और ससुर के बीच वैमनस्य को भी दूर किया गया। जनवरी माह से चली आ रही पारिवारिक खटास को सुलझाकर दोनों पक्षों को परिजनों की उपस्थिति में आपसी समझौते के साथ विदा किया गया।

– मां-बेटों में दरार भी दूर की गई। एक मां अपनी बेटों से अलग होना चाहती थी, परंतु समिति की समझाइश के बाद मां-बेटे प्रेमपूर्वक साथ कार्यालय से रवाना हुए।

– पति-पत्नी के बीच तलाक का विवाद सुलझाया। पति की मां और दादी की शिकायत के आधार पर प्रारंभ हुए मामले में बहू ने तलाक की इच्छा जताई थी। मध्यस्थता समूह द्वारा समझाइश देने के उपरांत दोनों पक्षों ने सुलह कर सुखमय जीवन व्यतीत करने का निर्णय लिया।

सभी मामलों में आपसी सहमति से स्टाम्प पेपर पर समझौता कराया गया और मध्यस्थता प्रभारी डिप्टी कलेक्टर विजय मंडलोई द्वारा संबंधित पक्षों को दस्तावेज सौंपे गए। इस अवसर पर मध्यस्थता कक्ष के सुनील टंडन एवं अश्लेषा दरवाई का सहयोग भी सराहनीय रहा।