रिटायर्ड अफसर के बेटे ने प्लॉट बेचने का झांसा देकर डॉक्टर से ठगे 40 लाख रुपए

812

रिटायर्ड अफसर के बेटे ने प्लॉट बेचने का झांसा देकर डॉक्टर से ठगे 40 लाख रुपए

भोपाल
शहर के कोहेफिजा थाना इलाके में रिटायर्ड अफसर के बेटे द्वारा प्लॉट बेचने का झांसा देकर एक निजी अस्पताल के संचालक को चालीस लाख रुपए का चूना लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक डॉक्टर अल्ताफ मसूद एक निजी अस्तपाल का संचालन करते हैं। उन्हें हाउसिंग बोर्ड कोहेफिजा में अपना हॉस्पिटल खोलना था। इस दौरान उनकी मुलाकात आशीष प्रकाश नायक से हुई थी। नायक ने उन्हें बताया था कि उनके पिता रिटायर्ड अफसर थे, इसलिए उन्हें 1983 में हाउसिंग बोर्ड से एक प्लॉट आवंटित हुआ था और वह उस प्लॉट को वह बेचना चाहते हैं। बाद में दोनों के बीच करीब एक करोड़ 40 लाख रुपए का सौदा तय हो गया।

एडवांस के तौर पर अनुबंध कर पचास लाख रुपए आरोपी को डॉक्टर ने दे भी दिए थे। बाद में डॉक्टर को पता चला कि आरोपी युवक ने हाउसिंग बोर्ड के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें बेचा है। इतना ही नहीं इससे वह कई लोगों को प्लॉट बेच चुका है। मामले का खुलासा होने पर जब डॉक्टर ने अपनी रकम आरोपी से वापस मांगी, तो उसने उन्हें 10 लाख रुपए दे दिए। कुछ समय बाद उसने रकम लौटाने से इंकार कर दिया।

इस मामले को लेकर फरियादी डॉक्टर ने थाना पुलिस को लिखित में आवेदन देकर शिकायत की थी। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।