Revenue Collection : छुट्टी के दिन भी निगम की राजस्व वसूली, सभी झोन खुले! 

निगम का अमला अवैध नल कनेक्शनों की खोज करने में जुटा!

330

Revenue Collection : छुट्टी के दिन भी निगम की राजस्व वसूली, सभी झोन खुले! 

 

Indore : नगर निगम का राजस्व विभाग वसूली में पिछले वर्षों की तुलना में काफी ज्यादा पीछे चल रहा है। लिहाजा अब निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल की फटकार के बाद नगर निगम अमले ने मैदान पकड़ लिया। आयुक्त ने 28 फरवरी के पूर्व शहरभर के 19 जोनल कार्यालयों पर राजस्व वसूली की समय सीमा तय की है।

निगम कमिश्नर के आदेशों के चलते राजस्व वसूली के लिए निगम के काउंटर छुट्टी के दिनों में भी खोले जा रहे हैं। निगम आयुक्त को जानकारी मिली थी कि सभी 19 जोनल कार्यालयों में अधिकांश नए खाते खोलने में निगम का अमला काफी ज्यादा पिछड़ा हुआ है। आयुक्त की फटकार के बाद GSI सर्वे के मुताबिक निगम अमले को नए खाते खोलने की हिदायत दी गई।

निगम ने पिछले दिनों एक सूची जारी की थी। जिसमे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर समेत 20 ऐसे नाम थे जिन पर लाखों रुपया बकाया निकल रहा था। लिहाजा अब निगम अमला ऐसे बड़े बकायेदारों की धरपकड़ करते हुए या तो वसूली कर रहा है या फिर अब सीज किए जाने की कार्यवाही की जा रही है।

40% प्रतिशत जलकर कनेक्शन अवैध

राजस्व वसूली के दौरान खुद निगम के सूत्र ही बता रहे है की शहरभर में लगभग 40 प्रतिशत नर्मदा लाइन के नल कनेक्शन ही अवैध रूप से जोड़ लिए गए। जबकि, जलकर जमा करने में किसी की भी रुचि नहीं है। लिहाजा अब ऐसे अवैध नल कनेक्शन की खोज करने में निगम अमला जुट गया। शहर की विधानसभा क्षेत्र दो, तीन, पांच और एक में निगम अमले को अवैध नल कनेक्शन की जानकारी लगी है। पिछले लंबे समय से इन क्षेत्रों में बकायदा मुफ्त के पानी का आनंद तो लिया जा रहा है लेकिन जलकर की राशि अदा नहीं की जा रही है।