रीवा पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार,प्रतिबंधित दवाओं की 72000 शीशियां बरामद

43

रीवा पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार,प्रतिबंधित दवाओं की 72000 शीशियां बरामद

रीवा: रीवा पुलिस ने प्रदेश में नशे के बड़े करोबार पर प्रहार किया है। पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही करते हुए प्रतिबंधित दवाओं की 72 हजार से ज्यादा शीशियां बरामद की है। इसमें सागर के रहने वाले पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पुलिस ने एक करोड़ 22 लाख 40 हजार रुपए की 800 पेटी प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट व मप्र ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

रीवा जोन में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार किए जाने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलने पर रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक महेन्द्र सिंह सिकरवार व पुलिस उप महानिरीक्षक साकेत प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व एवं पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम को सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले अरविंद जैन व उसका बेटा सिटीजन उर्फ सत्तू जैन द्वारा नशीली दवाओं का अवैध कारोबार करने की सूचना मिली। वह प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई रीवा तक करते थे। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की गई, जिसमें पाया गया कि रीवा में सप्लाई की जाने वाली नशीली कफ सिरप का लिंक अरविन्द जैन की टाटा फार्मा मेडिकल एजेन्सी से पाया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों आरोपीगणों उनसे बारीकी से पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर सागर स्थित गोदाम में पुलिस ने दबिश दी। यहां पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रतिबंधित दवाओं के 72 हजार नग जब्त किए। जिनकी कीमत एक करोड़ 22 लाख 40 हजार रुपए है।