Road Accident In MP : श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली नदी से गिरी, 3 की मौत, 21 घायल

542

Road Accident : श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली नदी से गिरी, 3 की मौत, 21 घायल

Datia : सोमवार शाम साढ़े सात बजे रतनगढ़ माता मंदिर पर जवारे चढ़ाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सेवढ़ा सनकुआं सिंध नदी के छोटे पुल से सिंध नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में जहां 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई, वहीं 21 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी मृतक दबोह लहार क्षेत्र के निवासी हैं। घायलों को उपचार के लिए दतिया जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय कुमार व सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस व प्रशासन की ओर से बचाव कार्य आरंभ किया गया। रात का समय होने से मौके पर बचाव कार्य में दिक्‍कतों का भी सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार दबोह के वार्ड क्रमांक 8 पानी की टंकी के पास रहने वाले कुशवाह परिवार की ओर से जवारे बोए गए थे। जिन्हें चढ़ाने परिवार के सदस्य और अन्य लोग ट्रैक्टर टाली में सवार होकर रतनगढ़ माता मंदिर पर सोमवार को गए थे। सोमवार को माता रतनगढ़ पर मेला भी लगता है।
माता मंदिर पर जवारे चढ़ाने के बाद सभी श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर शाम करीब 7.30 बजे वापस दबोह लौट रहे थे। इसी दौरान सेवढ़ा सनकुआं सिंध नदी के पुराने छोटे पुल से गुजरते समय ट्रैक्टर ट्राली का पहिया पुल के कटे हिस्से में फंस जाने से वह अनियंत्रित हो गई और पुल में जा गिरी।
इस हादसे में जहां ट्रैक्टर ट्राली में सवार महिला ऊषा कुशवाह, कस्तूरी कुशवाह एवं गब्बर कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 21 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिनमें महिलाओं के साथ कुछ बच्चे भी बताए गए हैं। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक यह बड़ा हादसा हुआ है। जिसमें मृतकों की बढ़ने की आशंका है। रात का समय होने से मौके पर बचाव कार्य में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।