Road Accident : रीवा बस हादसे के मृतकों को MP Govt से एक-एक लाख की मदद 

हैदराबाद से गोरखपुर जा रही बस ट्रॉले में घुसी, 15 की मौत, आठ की हालत नाजुक

527

Road Accident : रीवा बस हादसे के मृतकों को MP Govt से एक-एक लाख की मदद 

Rewa : रीवा के पास नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें 15 लोगों की मौत हुई और करीब 40 घायल हुए। घायलों में 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुक्रवार को हैदराबाद से गोरखपुर जा रही यूपी पासिंग बस रात 11.30 बजे बस ट्रॉले से टकरा गई। हादसा एमपी-यूपी की सीमा को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-30 पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, आगे चल रहे ट्राले ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रही सीधे ट्रॉले में जा घुसी। आगे ट्राला किस वाहन से टकराया, ये पता नहीं चला।

राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। 12 लोगों की मौके, पर जबकि 2 की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्योंथर तथा एक व्यक्ति की मौत संजय गांधी अस्पताल रीवा में हुई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ से दुर्घटना के बारे में बातचीत की। शिवराज सिंह चौहान ने सभी मृतकों के लिए एक-एक लाख की सहायता घोषणा की। सभी लोग उत्तर प्रदेश और नेपाल के बताए जा रहे हैं।

हादसे में घायल हुए लोगों को त्योंथर सिविल अस्पताल के साथ ही रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि हादसे में मरने वालों के परिवारजनों को 1 लाख रुपये और घायलों को 10 हजार रुपये की सहायता राशि मध्य प्रदेश सरकार की ओर से दी जाएगी।

 

शिवराज ने दुख जताया, योगी से बात की

MP के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने शनिवार सुबह UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और बताया कि हादसे में जिन यात्रियों की मृत्यु हुई है उनके पार्थिव शरीर अभी त्योंथर में रखे हैं। मध्यप्रदेश शासन द्वारा उन्हें ससम्मान प्रयागराज पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही जो व्यक्ति सुरक्षित हैं या कम घायल हैं, उन्हें फर्स्ट एड दे कर रात को ही दो बसों के माध्यम से प्रयागराज पहुंचाया गया है। ऐसे यात्री जो गंभीर रूप से घायल है उनका इलाज रीवा मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रीवा बस-ट्रॉली ट्रक की टक्कर में मारे गए लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि प्रशासन को सभी बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें सभी आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए हैं।

 

हादसे का संभावित कारण

रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि बस के अगले हिस्से को ज्यादा नुकसान हुआ। रफ्तार ज्यादा होने से यह ट्रेलर में घुस गया। इससे बस के केबिन और फ्रंट सीट पर बैठे यात्रियों की मौत हुई है। 40 घायल यात्रियों को संजय गांधी अस्पताल (रीवा) भेजा गया है। कुछ को त्योंथर अस्पताल ले जाया गया। SP नवनीत भसीन ने बताया, ‘ट्रेलर के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। ऐसे में आशंका है कि ट्रेलर भी आगे जा रहे वाहन से टकराया होगा। ट्रेलर ड्राइवर ने अचानक से ब्रेक लगाए होंगे, इतने में पीछे से आ रही बस ट्रेलर में घुस गई। ट्रेलर के ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए हैं।’ हालांकि, हादसे की वजह का पता नहीं चला है।