Road Accident : सिक्किम में सड़क हादसा, सेना के 16 जवान शहीद! 

राष्ट्रपति समेत सभी हस्तियों ने दुःख व्यक्त किया  

945

Road Accident : सिक्किम में सड़क हादसा, सेना के 16 जवान शहीद! 

 Jema (Sikkam) : यहां एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के 16 जवान शहीद हो गए। सेना के अधिकारी के मुताबिक घटना जेमा, उत्तरी सिक्किम में हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था। नॉर्थ सिक्किम बेहद ही खतरनाक इलाका है। ये इलाका इन दिनों पूरा बर्फ से ढका होता है।
पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत के मुताबिक, जेमा के रास्ते में वाहन एक तीखे मोड़ पर एक खड़ी ढलान पर फिसल गया। एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया। दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया।    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के वीर जवानों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया। पीएम ने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
UP के CM योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। ट्वीट कर लिखा, ‘सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में सेना के जवानों का निधन अत्यंत दु:खद व पीड़ादायक है। भारत के वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।  परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें!’   रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने इस हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि ‘उत्तरी सिक्किम (North Sikkim) में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना (Indian Army) के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।