
Robber Bride : दलाल ने ₹3.60 लाख में शादी का सौदा किया, शादी के 13 दिन बाद दुल्हन माल लेकर फरार!
Jaipur : लुटेरी दुल्हनों के मामले तेजी से बढ रहे हैं। कई जगह इस तरह की वारदातें सामने आ रही है, जहां शादी के कुछ दिन बाद दुल्हन आभूषण और नकदी लेकर गायब हो जाती है। सभी युवकों को विवाह के लिए योग्य युवतियां नहीं मिल पाती। इसलिए शादी के लिए अन्य राज्यों से गरीब और आदिवासी परिवारों की बेटियों को खरीदकर लाया जाता है। युवाओं की शादी नहीं होने का फायदा दलाल उठाते हैं। वे शादी के नाम पर लाखों रुपए ऐंठते हैं और शादी के कुछ दिन बाद ही दुल्हनें सारा माल लेकर फरार हो जाती है।
ऐसा ताजा मामला जयपुर कोटखावदा गांव में सामने आया। 42 साल के युवक की शादी नहीं हो रही थी। सगाई और शादी के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन विवाह के लिए लड़की नहीं मिली। परिवार के एक परिचित रामजीलाल से शादी के बारे में बातचीत हुई तो उसने दिल्ली में एक परिचित के बारे में बताया। रामजीलाल ने कहा कि लड़की के परिवार वाले गरीब हैं। 4 से 5 लाख रुपए का इंतजाम हो, तो विवाह कराया जा सकता है। इस पर युवक के परिवार वालों ने रुपए देने की हामी भर ली। 3.60 लाख रुपए में शादी कराने का सौदा हो गया।
पीड़ित का कहना है कि जब शादी के लिए रुपए देना तय हुआ, तो रामजीलाल एक लड़की और दो महिलाओं को लेकर घर आए। लड़की का नाम प्रीति बताया गया। पीड़ित युवक के घरवालों ने प्रीति को पसंद किया और प्रीति के साथ आई दोनों महिलाओं ने भी लड़के को पसंद कर लिया। शादी की डेट फिक्स होने पर ₹3.60 लाख रामजीलाल के जरिए दूसरे पक्ष को दे दिए गए। 5 जुलाई को दोनों पक्षों की सहमति के बाद सहमति पत्र के साथ विवाह किया गया जिसमें परिवार के लोग और नजदीकी रिश्तेदार मौजूद रहे।
एनजीओ बनकर धमकाया, दुल्हन नकदी, गहने लेकर भागी
कोटखावदा एसएचओ भरत लाल ने बताया कि 42 वर्षीय व्यक्ति ने एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़ित के मुताबिक 5 जुलाई को विवाह के बाद दुल्हन ससुराल में रहने लगी। 13 दिन बाद 18 जुलाई को दुल्हन प्रीति के माता पिता और कुछ लोग उसके घर आए। लोगों ने खुद को एनजीओ का सदस्य बताया और हंगामा करते हुए रुपयों की मांग करने लगे। हंगामे के दौरान दुल्हन प्रीति ने अलमारी में रखे 63 हजार रुपए निकाल लिए और सोने के आभूषण निकालकर अपने माता पिता को दे दिया। इसके बाद प्रीति भी उन लोगों के साथ चली गई। बाद में पीड़ित परिवार को पता चला कि सब मिले हुए थे। पीड़ित युवक ने पुलिस ने न्याय की गुहार लगाई है।






