
10 लाख और जेवर से भरे बैग की ‘लूट’ निकली पारिवारिक साजिश
CCTV वायरल होते ही खुला राज, महिला के पिता ने ही छीना था बैग; कोतवाली पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा..
छतरपुर: शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड पर 5 अप्रैल को दिनदहाड़े हुई कथित लूट की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती तौर पर इसे 10 लाख रुपए और जेवर से भरे बैग की लूट माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में मामला पारिवारिक साजिश का निकला। CCTV फुटेज वायरल होने के बाद पूरे घटनाक्रम का सच सामने आया।
-महिला ने दर्ज कराई थी लूट की शिकायत..
जानकारी के अनुसार, बमीठा थाना क्षेत्र के देवगांव निवासी रश्मि शर्मा ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि बस स्टैंड पर एक वृद्ध व्यक्ति उनका बैग छीनकर भाग गया। बैग में करीब 10 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात रखे थे। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया था, जिससे मामला और गंभीर हो गया था।
-पति ने किया बड़ा खुलासा, पिता ही निकले आरोपी..
पुलिस ने जब CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रश्मि शर्मा के पति भूपेंद्र शर्मा ने बैग छीनने वाले व्यक्ति की पहचान अपने ससुर करन शर्मा निवासी महोवा के रूप में की।
भूपेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी के चलते यह पूरी घटना हुई।
-फरियादी पक्ष ने ही कार्रवाई से किया इनकार..
मामले में एक और बड़ा मोड़ तब आया, जब भूपेंद्र शर्मा ने स्वयं कोतवाली पहुंचकर इस प्रकरण में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने का आवेदन दे दिया। उन्होंने अपने बयान दर्ज कराते हुए इसे पारिवारिक मामला बताया।
-पुलिस बोली- साक्ष्य स्पष्ट, कार्रवाई आवेदन पर निर्भर..
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि CCTV वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान स्पष्ट हो चुकी है। हालांकि फरियादी पक्ष द्वारा कार्रवाई न करने का आवेदन दिए जाने के बाद आगे की प्रक्रिया उसी के अनुसार की जा रही है।
-लूट नहीं, पारिवारिक विवाद का मामला..
इस खुलासे के बाद साफ हो गया है कि कथित लूट की घटना वास्तव में एक पारिवारिक विवाद का परिणाम थी। पुलिस मामले में वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।





