Robert Vadra at Ujjain : रॉबर्ट वाड्रा महाकाल पहुंचे, अंगारेश्वर महादेव मंदिर में भात पूजा की!

मीडिया से कहा 'महाकाल मंदिर परिसर में कोई राजनीतिक बात नहीं!'

996

Ujjain : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा आज महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे। उन्होंने भूमि पुत्र अंगारेश्वर महादेव मंदिर में भी विधि विधान से भात पूजा की। भात पूजा को राजनीतिक सफलता के लिए काफी फलदायक माना जाता है। रॉबर्ट वाड्रा ने उज्जैन में कई धार्मिक स्थलों पर पूजा अर्चना की। उज्जैन पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने वाड्रा का स्वागत किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा का कार्यक्रम महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करना था।

उनके आने की सूचना प्रशासन और पुलिस विभाग को पहले ही लग गई थी। उनके दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।

महाकाल मंदिर समिति के नियमों का पालन करते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने गर्भ गृह में भगवान महाकाल का विधि विधान से पूजन किया। उन्होंने मंदिर के पुजारियों से परिसर के विस्तारीकरण की भी जानकारी ली। वाड्रा के साथ पूजा अर्चना में कांग्रेस विधायक दिलीप गुर्जर भी शामिल थे।

अंगारेश्वर मंदिर में भात पूजा
अंगारेश्वर महादेव मंदिर में भी रॉबर्ट वाड्रा ने विधि विधान से पूजा की। पंडित रोहित उपाध्याय ने बताया कि रॉबर्ट वाड्रा ने भात पूजा की। भात पूजा राजनीति के क्षेत्र में भी काफी फलदायक मानी जाती है। पंडित के मुताबिक, मनोवांछित फल की प्राप्ति के लिए भी भात पूजा का काफी महत्व है।

राम नवमी पर महाकाल के दर्शन का भी विशेष महत्व माना जाता है। दर्शन के बाद रॉबर्ट वाड्रा ने मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि कोरोना की समाप्ति और देशभर में सुख शांति समृद्धि के लिए भगवान महाकाल के दरबार में पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में कोई राजनीतिक बात नहीं करेंगे। लेकिन, इतना जरूर कहा कि उनकी सरकार में महाकालेश्वर मंदिर का काफी विकास हुआ है।