
Saif’s Attacker Caught : ठाणे से पकड़ाया सैफ अली खान पर हमला करने वाला, फर्जी नाम बताया
Mumbai : एक्टर सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद आलियान उर्फ विजय दास (बीजे) को ठाणे से दबोचा। आरोपी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है, जिसे पुलिस ने ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट के करीब बने लेबर कैंप के पास की झाड़ियों से पकड़ा।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद आलियान ही वह आरोपी है, जिसने 16 जनवरी की रात घर में घुसकर सैफ अली खान पर चाकू से हमला किया था। ठाणे से पकड़ाए आरोपी की पहचान मोहम्मद आलियान उर्फ बीजे के रूप में हुई। हमलावर की गिरफ्तारी से पहले, सैफ अली खान के घर की सीढ़ियों से उतरते हुए सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए उसके पोस्टर मुंबई और आसपास के स्थानों पर लगाए गए थे

पकड़े जाने के बाद उसने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने ही सैफ और करीना के घर में घुसकर हमला किया था। मुंबई पुलिस की टीम ने उसे ठाणे के लेबर कैंप इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी ठाणे के रिकीस बार में हाउसकीपिंग वर्कर के रूप में काम करता था। उसे विले पार्ले पुलिस ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ठाणे में पकड़ा गया आरोपी वही व्यक्ति है, जो सैफ अली खान पर हुए हमले के लिए वॉन्टेड था। अब उसे बांद्रा थाने लाकर पूछताछ की जाएगी। बताया गया कि हमलावर ने पकड़े जाने से बचने के लिए अपना झूठा नाम ‘विजय दास’ बताया।
एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ में भी पकड़ा
शनिवार को सैफ पर हमले से जुड़े एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मुंबई से भी दो लोगों को हिरासत में लिया है। शनिवार को पकड़े गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मुंबई पुलिस की टीम ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिए गए संदिग्ध की तस्वीर भी शेयर की, जिसका नाम आकाश बताया गया। उसने स्थानीय पुलिस की पूछताछ में खुद को मुंबई का रहने वाला बताया। आकाश को हिरासत में लिए जाने की जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस की टीम दुर्ग पहुंचकर संदिग्ध से पूछताछ करेगी।
इस संदिग्ध को छत्तीसगढ़ दुर्ग में रेलवे सुरक्षा बल ने हिरासत में लिया, जब वह बिलासपुर जा रहा था। रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार उसके पास से एक बैग भी मिला जिस पर फास्टट्रैक लिखा है। सैफ की बिल्डिंग और दादर मोबाइल शॉप के सीसीटीवी में भी ऐसा ही बैग देखा गया था। वह ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। मुंबई पुलिस को मोबाइल लोकेशन के बारे में जानकारी मिली, जिसके आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। संदिग्ध आकाश को ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से पकड़ाया।





