Sanand Award : ‘सानंद जीवन गौरव पुरस्कार’ गजानन जोशी को दिया जाएगा!

137

Sanand Award : ‘सानंद जीवन गौरव पुरस्कार’ गजानन जोशी को दिया जाएगा!

94 वर्षीय उद्योगपति फेब (इंडिया) प्रालि के चेयरमेन हैं!

India : सानंद न्यास द्वारा स्थापित प्रतिष्ठित ‘सानंद जीवन गौरव पुरस्कार’ इस वर्ष उद्योगपति गजानन जोशी को दिया जाएगा। सानंद न्यास की ओर से दिए जाने वाले पुरस्कार का स्वरूप स्मृति चिन्ह, शॉल-श्रीफल, मानपत्र, 51 हजार रूपए है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमिश्नर दीपक सिंह होंगे। कार्यक्रम 18 अगस्त को सायं 5 बजे स्थानीय जाल सभागृह में होगा।

हजारों लोगों को रोजगार देने के असाधारण कार्य के लिए इस वर्ष का ‘सानंद जीवन गौरव पुरस्कार’ 94 वर्षीय उद्योगपति गजानन जोशी को देने का निर्णय किया गया। श्री जोशी फेब (इंडिया) प्रालि के चेयरमेन हैं। उद्योग क्षेत्र में सायकल से शुरू हुआ उनका सफर 15 देशों को एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी के रूप में स्थापित हुआ।

सानंद न्यास के अध्यक्ष जयंत भिसे एवं मानद सचिव संजीव वावीकर ने बताया कि सानंद जीवन गौरव पुरस्कार अब तक वसुधा ढवळीकर, सुमनताई दांडेकर, राजन देशमुख, सी मेघना निरखीवाले, अच्युत पोतदार, भारती ठाकुर, अशोक चितळे, कल्पना झोकरकर, डॉ एसडी मुळ्ये, नंदूभैय्या कुलकर्णी और माधव परांजपे को दिए गए। सानंद न्यास द्वारा अपने सामाजिक दायित्व का निर्वाह करते हुए अपने वैभवशाली परंपरा से नई पीढ़ी को अवगत कराने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष विविध स्पर्धाओं का आयोजन किया जाता है। गोष्ट सांगा प्रतियोगिता, सानंद समूह गीत स्पर्धा, नाट्यस्पर्धा किया जाता है। इस साल भी सभी स्पर्धाएं संपन्न हुई।

सानंद मराठी नाट्य स्पर्धा विजेता स्पर्धकों को पुरस्कार के रूप में वरिष्ठ रंगकर्मी एवं सिने स्टार अच्युत पोतदार द्वारा प्रायोजित प्रथम पुरस्कार पुल देशपांडे की स्मृति में 50 हजार, द्वितीय पुरस्कार पं सत्यदेव दुबे की स्मृति में 30 हजार तथा तृतीय पुरस्कार बाबा डिके की स्मृति में 20 हजार नकद तथा श्रेष्ठ अभिनेता, अभिनेत्री व निर्देशन के लिए क्रमशः डॉ श्रीराम लागू एवं सुलभा देशपांडे स्मरणार्थ एवं श्रीमती विजया मेहता पुरस्कार 5 हजार नकद एवं विजेता दल को स्मृति चिह्न साथ ही श्रेष्ठ निर्देशन, अभिनेता, सहायक अभिनेता, अभिनेत्री, सहायक अभिनेत्री, प्रकाश योजना, ध्वनि संकलन, रंगभूषा, वेशभूषा एवं नेपथ्य आदि नाटक की सभी विधाओं में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार स्वरूप स्वर्ण पदक, रजत पदक तथा सहयोग के लिए सभी कलाकारों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इस अवसर पर प्रेक्षकों की सहभागिता बढ़ाने के दृष्टि से गठित ‘सानंद नाट्यवेध’ समूह में शामिल दर्शकों में से विजयी लोगों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

पुरस्कार वितरण अवसर पर ‘सानंद मराठी समूह गीत स्पर्धा’ एवं ‘सानंद मराठी गोष्ट सांगा प्रतियोगिता’ के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

सानंद न्यास के भिसे एवं वावीकर ने बताया कि 18 अगस्त रविवार को कार्यक्रम सायं 5 बजे स्थानीय जाल सभागृह में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम सभी रसिक श्रोताओं के लिये निःशुल्क एवं खुला रहेगा।