

सौरभ बता गया लोकायुक्त पुलिस को परिवहन में कमाई का खेल, अब अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी
भोपाल:परिवहन विभाग का करोडपति पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा से पूछताछ के बाद लोकायुक्त पुलिस परिवहन के कुछ अन्य लोगों पर भी शिकंजा कस सकती है। उसने करीब पांच साल तक तीन चेक पोस्ट का काम देखा, इन चेक पोस्ट के जरिए ही उसने काली कमाई से अपना अलग ही सम्राज्य खड़ा कर लिया। उसने लोकायुक्त पुलिस को सिलसिलेवार परिवहन विभाग की अवैध कमाई का काला सच बताया है।
सूत्रों की मानी जाए तो सौरभ शर्मा ने वे सभी राज बता गया जिसमें अवैध कमाई होती है। कौन-कौन इस काम में पिछले पांच सालों से जुटा रहा। कैसे जांच चौकियों पर वसूली होती है, इन सभी की जानकारी वह लोकायुक्त पुलिस को दे गया है। अब लोकायुक्त पुलिस इन सभी की प्रापर्टी की जानकारी जुटा सकती है। यदि सौरभ की जानकारी ठोस निकली तो परिवहन विभाग के कुछ कर्मचारी-अफसरों के साथ ही रिटायर्ड अफसरों और कर्मचारियों की मुश्किल बढ़ सकती है।
सूत्रों की मानी जाए तो सौरभ ने लोकायुक्त पुलिस को बताया कि वह सिर्फ तीन जांच चौकियों का ही हिसाब किताब देखता था। उसने यहां तक अपनी घुसपैठ 2019 में बना ली थी। इसके बाद उसने परिवहन की तीन जांच चौकियों के साथ ही चार उप चौकी का काम देखा। इस काम को वह परिवहन चौकियों की व्यवस्था खत्म होने से पहले तक देखता रहता था। इसी तरह अन्य चौकियों पर दूसरे लोग इस तरह का काम कर रहे थे। लोकायुक्त पुलिस को यह भी पता चला कि सेंधवा, नया गांव, मुलताई, हनुमना, मालथौन, मुरैना सहित कुछ अन्य जांच चौकियों पर अधिक कमाई होती थी। इसके अलावा भी कुछ और चेक पोस्ट थे जिन पर परिवहन के कर्मचारी तैनात होते थे। यहां पर तैनात रहे कई लोगों के नाम उसने लोकायुक्त पुलिस को बताए हैं।