सिंधिया ने कहा ‘भारत आने वाले 90 हज़ार यात्रियों में से 2% की ही जांच!’    

कोरोना की पहली लहर दुबई से आए यात्रियों की वजह से आई 

909

सिंधिया ने कहा ‘भारत आने वाले 90 हज़ार यात्रियों में से 2% की ही जांच!’    

Indore : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज इंदौर आए। वे सांवेर में अस्पताल का लोकार्पण करने आए थे। उन्होंने कहा कि देश में रोज 90 हजार यात्री देश के 28 विमानतलों पर आते हैं। इनमें से सिर्फ दो प्रतिशत की ही कोरोना जांच हो रही है। देश में कोरोना को लेकर अलर्ट जारी हो गया। नए वैरिएंट की वजह से कई देशों में अफरा-तफरी का माहौल है। इसके बाद भी भारत में विदेश से आ रहे यात्रियों की चेकिंग पर फोकस नहीं है।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि हकीकत तो यह है कि भारत में कोरोना की पहली लहर दुबई से आने वाले यात्रियों की वजह से आई थी। शुरुआत वहीं से हुई थी। ऐसे में विदेश से आ रहे यात्रियों की जांच न करना बड़े सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने कहा कि चीन से पूरी दुनिया में कोरोना फिर से फैलने का खतरा बढ़ गया। इटली पहुंची एक फ्लाइट में आधे यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए। इसे देखते हुए भारत और अमेरिका समेत सात देशों ने चीन से आने वाले यात्रियों को विमान में सवार होने से पहले कोविड निगेटिव रिपोर्ट पेश करना अनिवार्य कर दिया। साथ ही ऐसे यात्रियों की जांच भी की जा रही है। भारत के स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने चीन से आने वाले यात्रियों के लिए आरटीपीसीआर जांच अनिवार्य क रदी है। यह जांच चीन के साथ-साथ जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग और थाईलैंड से भारत आने वालों के लिए भी जरूरी होगी।

सतर्कता जरूरी, लेकिन लापरवाही 

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को इंदौर में कहा कि कोरोना को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। एक देश से दूसरे देश में वायरस के ट्रांसमिशन में समय लगता है। एयरपोर्ट के लिए कोराना की गाइडलाइन बनी है। देश के 28 विमानतलों पर विदेश से आने वाले दो प्रतिशत यात्रियों की जांच रोज हो रही है। देश में हर रोज करीब 90 हजार यात्री विदेशों से आते हैं। मंत्री के बयान से साफ है कि इस बार भी गलती दोहराई जा रही है और आने वाले समय में भारत में भी कोरोना के केस बढ़ सकते हैं, जिसकी आशंका जताई जा रही है।

घोषणा पूरी करने सांवेर आए 

सिंधिया 2020 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे। उनके साथ तुलसी सिलावट भी कांग्रेस से भाजपा में आए थे। इंदौर जिले के सांवेर में हुए उपचुनाव में सिलावट के पक्ष में प्रचार करते हुए सिंधिया ने क्षेत्र में अस्पताल बनाने की घोषणा की थी। इसी अस्पताल का लोकार्पण करने सिंधिया सांवेर आए थे। प्रदेश शासन के मंत्री तुलसी सिलावट ने बताया कि पांच करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों का अस्पताल तैयार किया गया है। अस्पताल में लैब, ऑक्सीजन प्लांट के अलावा स्टाॅफ के लिए आवास भी बनाए गए हैं। सांवेर के बाद मंत्री सिंधिया उज्जैन गए, जहां उन्होंने सुलजाम कार्यक्रम में भाग लिया।