
Scorched Granddaughter Also Died : दादी को बचाने में झुलसी पोती की भी मौत, विवाद में तीन जान गईं!
Indore : लसूड़िया थाना क्षेत्र के निरंजनपुर में हुए दर्दनाक पारिवारिक विवाद ने आखिरकार तीन जिंदगियां लील लीं। 12 दिन पहले दादी को बचाने के प्रयास में झुलसी पोती पलक करेले ने भी आज सुबह एमवाय अस्पताल में दम तोड़ दिया। लसूड़िया में 12 दिन पहले हुए पारिवारिक विवाद में अपनी दादी को बचाने में पोती जल गई थी।
इस हादसे में 6 अगस्त को दादी की भी मौत हो चुकी है। जबकि 1 अगस्त को दादा ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक घटना निरंजनपुर की है। यहां रहने वाली पलक (16) पुत्री अशोक करेले की जलने से बुधवार सुबह मौत हो गई। पलक 1 अगस्त को जल गई थी। पलक अपनी दादी पानबाई को बचाने में जली थी। परिवार के सोनू ने आरोप लगाया कि पलक के दादा रामबाबू ने पारिवारिक विवाद में पानबाई को जला दिया था। इस दौरान पलक घर पर ही थी। उन्हें बचाने में पलक 50% झुलस गई थी। इसके बाद उसका उपचार चल रहा था।
दादा ने कर लिया सुसाइड
हादसे के दिन पानबाई के पति रामबाबू ने घर से जाने के बाद रेलवे ट्रैक पर जाकर सुसाइड कर लिया था। बाद में 6 अगस्त को पानबाई ने भी एमवाय में दम तोड़ दिया था। अब इस घटना में पलक की मौत हो गई। पलक 10वीं कक्षा की छात्रा थी। पलक के पिता मिस्त्री का काम करते हैं। वहीं परिवार में एक छोटा भाई है। वह अपने पिता के घर से कुछ दूरी पर रहते थे।
डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद पलक को बचाया नहीं जा सका। इस तरह,एक ही परिवार में 12 दिनों के भीतर तीन लोगों की जान चली गई। पुलिस का कहना है कि यह घटना पारिवारिक कलह का भयावह उदाहरण है। एएसआई प्रवेश सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। वहीं, परिजन इस दर्दनाक हादसे से सदमे में हैं।





